Nainital-Haldwani News

उत्तराखंड के चार जिलों में 10 डिग्री से कम हुआ तापमान, अब बारिश-बर्फबारी के संकेत

हल्द्वानी: समय बीतते बीतते जाड़ों का मौसम भी आ ही गया। नवंबर के आते ही पूरे प्रदेश में तापमान गिरने लगा है। नैनीताल जैसे पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक, अब ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को बारिश और बर्फबारी के भी संकेत दिए हैं। साथ ही तापमान मे गिरावट का भी अंदेशा है।

इसमें कोई दोराय नहीं कि नवंबर में ठंड बढ़ ही जाती है। इस बार भी पर्वतीय इलाकों में कुछ दिनों से चल रही हिमपात के दौर ने ठंड में इजाफा कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात और निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।

गौरतलब है कि देहरादून में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। कुमाऊं में तापमान में गिरावट आने लगी है। करीब चार जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंचा है। रविवार को नैनीताल के तापमान में एक डिग्री की कमी देखी गई। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने भी अपडेट दिया है।

उन्होंने बताया कि सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हिमपात होने की पूरी संभावना है। केवल इतना ही नहीं बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। अधिकांश शहरों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

To Top