Nainital-Haldwani News

अब बदलेगा मौसम, उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

Uttarakhand weather report:- उत्तराखंड राज्य में शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदलाव की तरफ है। बताते चलें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है, जिस कारण ठंड और कंपकपी बढ़ चुकी है। प्रदेश में जहां दिन भर चटक धूप का सुनहरा नजारा देखने को मिल रहा है, वही सुबह शाम कड़कड़ाती ठंड का भी सामना करना पड़ा है। ऐसे में मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से प्रदेश में वर्षा का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय क्षेत्र के साथ ही राज्य के तराई भाभर क्षेत्र में वर्षा का अलर्ट जारी किया है। केंद्र के अनुसार राज्य में शनिवार तक वर्षा का प्रभाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में पहाड़ के साथ ही मैदानी इलाकों में भी ठंड में वृद्धि होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो, वर्षा के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट भी देखने को मिलेगी।

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉक्टर आरके सिंह ने बताया कि आने वाले दो दिनों में हल्का पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके चलते राज्य के अलग-अलग क्षेत्र में वर्षा की संभावनाएं बन रही हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा की संभावनाएं हैं। इसके अलावा शनिवार को नैनीताल, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर और चंपावत छोड़ सभी जिलों में वर्षा हो सकती है।

To Top