
Uttarakhand Election | CM Dhami | Assembly Election : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सरकार या किसी भी स्तर पर समय से पहले चुनाव कराने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
गुरुवार को देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हो सकते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी संभावना की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न तो सरकार को इस संबंध में कोई निर्देश मिले हैं और न ही चुनाव समय से पहले कराने की कोई तैयारी चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव कब होंगे…इसका निर्णय भारत निर्वाचन आयोग करेगा और सभी उसी के अनुसार कार्य करेंगे।
पिछले कुछ समय से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज थी कि विधानसभा चुनाव तय समय से पहले, यानी वर्ष 2026 के अंत में कराए जा सकते हैं। इन अटकलों के पीछे विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं के लगातार दौरे, मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाएं और आगामी आयोजनों को वजह माना जा रहा था।
हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान के बाद फिलहाल इन चर्चाओं पर विराम लग गया है। उन्होंने साफ कहा कि अभी तक समय से पहले चुनाव कराने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना या निर्णय नहीं है।
वर्तमान उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 तक है। ऐसे में तय कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में होने की संभावना है…जब तक कि चुनाव आयोग कोई अलग निर्णय न ले।






