National News

युवा IFS अधिकारी निधि तिवारी बनीं प्रधानमंत्री की निजी सचिव

Ad

नई दिल्ली: भारतीय विदेश सेवा (IFS) की 2014 बैच की अधिकारी निधि तिवारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नया निजी सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में उप सचिव के रूप में कार्यरत थीं। उनकी नियुक्ति इस पद पर नवंबर 2022 में हुई थी।

ADVERTISEMENTS Ad

करियर में तेजी से मिली सफलता

निधि तिवारी ने विदेश मंत्रालय में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, विशेष रूप से निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के विभाग में। प्रशासनिक दक्षता और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें अब प्रधानमंत्री के निजी सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इस पद पर रहते हुए वे प्रधानमंत्री की दैनिक प्रशासनिक गतिविधियों, विदेशी दौरों की तैयारियों और नीतिगत फैसलों के समन्वय में अहम भूमिका निभाएंगी।

वाराणसी से लेकर UPSC तक का सफर

निधि तिवारी का संबंध उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर से है। उन्होंने वर्ष 2013 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिसमें उनकी अखिल भारतीय रैंक 96वीं थी। UPSC की तैयारी के दौरान वे वाराणसी में वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर कार्यरत थीं। नौकरी के साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर उन्होंने सफलता प्राप्त की।

ट्रेनिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन

भारतीय विदेश सेवा में चयन के बाद निधि तिवारी ने अपने प्रशिक्षण के दौरान भी शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2014 में उन्होंने EAM (External Affairs Minister) गोल्ड मेडल हासिल किया, जो कि सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु अधिकारी को दिया जाता है। उनकी इस उपलब्धि ने शुरू से ही उनकी क्षमता को साबित कर दिया था।

प्रधानमंत्री कार्यालय में इस नई जिम्मेदारी के साथ निधि तिवारी प्रशासनिक सेवा में एक और महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर चुकी हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top