Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी: ऐसी भी क्या रंजिश कि अपने ही भाई पर चला दी गोली…इलाज जारी

Ad

हल्द्वानी: हम जिस युग में जी रहे हैं उसका नाम कलियुग है। इस बात के उदाहरण आए दिन बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखकर पता लगते हैं। रिश्तों के बीच होने वाली टकराव से जुड़ा एक और मामला धारी ब्लॉक के बबियाड़ से सामने आया है। जहां एक युवक ने अपने चचेरे भाई को गोली मार दी। गनीमत रही कि उसे समय पर सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जो उसकी जान बच गई।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार महेश चंद्र पुत्र विशन राम गांव में काम करता है। उसकी अपने चाचा के बेटे से पुरानी लड़ाई है। महेश इस समय सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में भर्ती है। जहां उसका उपचार जारी है। महेश का कहना है कि जब रविवार शाम को वो अपने घर के बाहर बैठा था तो चाचा के बेटे मनोज ने आकर गाली गलौज शुरू कर दी।

जब दोनों के बीच तनातनी बढ़ी तो मनोज ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उसपर गोली चला दी। भगवान का लाख लाख शुक्र रहा कि गोली उसके दाहिने हाथ व कमर को रगड़ते हुए आगे निकल गई। परिजन फौरन घायल महेश को रात में ही डा. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर आए। डाक्टर के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।

मेडिकल चौकी प्रभारी हरिराम ने मामले में जानकारी दी और बताया कि घायल डा. सुशीला तिवारी अस्पताल के वार्ड जी में भर्ती है। डाक्टरों के अनुसार मंगलवार तक घायल को डिस्चार्ज किया जा सकता है। इधर, राजस्व पुलिस ने मामले में प्राथमिकी कर जांच शुरू कर दी है। मगर मामला गोलीकांड से जुड़ा होने के कारण जांच सिविल पुलिस के पास आ सकती है। माना जा रहा है कि आरोपित का लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top