Dehradun News

अंकिता हत्याकांड : गुजरात से हरिद्वार लौट रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर, जानिए क्यों नहीं हो सका टेस्ट

Ad

Ankita Bhandari Case : Suresh Rathore : Polygraph Test : अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर को लेकर नया अपडेट सामने आया है। गुजरात के गांधीनगर में होने वाले पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले कराई गई मेडिकल जांच में उन्हें अनफिट घोषित कर दिया गया है। इसकी जानकारी उनके बेटे लक्की राठौर ने दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को आई रिपोर्ट में उनके पिता को टेस्ट के लिए फिट नहीं पाया गया।

ADVERTISEMENTS Ad

सुरेश राठौर पिछले तीन-चार दिनों से गुजरात के गांधीनगर में मौजूद थे। वह 23 नवंबर को हरिद्वार से वहां के लिए रवाना हुए थे। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद अब वह वापस हरिद्वार लौट रहे हैं।

लक्की राठौर के ने कहा कि कुछ साल पहले उनके पिता का सड़क हादसा हुआ था। इसके बाद उनके सिर में कुछ धब्बे दिखाई दिए हैं। मेडिकल जांच के दौरान सामने आई इसी स्थिति के चलते उन्हें पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अनफिट बताया गया है। फिलहाल इस टेस्ट को लेकर आगे क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी…इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो वायरल हुए थे। दावा किया गया था कि इन ऑडियो में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत है। बातचीत में कथित तौर पर अंकिता हत्याकांड से जुड़े VIP का जिक्र होने की बात कही गई थी।

ऑडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाया और संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच एजेंसी की टीम हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। वहीं उर्मिला सनावर ने जेल से बाहर आने के बाद देहरादून में सीबीआई के सामने अपने बयान दर्ज कराए थे।

दोनों के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया भी इसी जांच का हिस्सा है। हालांकि वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें किए गए दावों की पुष्टि जांच के जरिए ही होनी है।

दिसंबर 2025 में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की बातचीत के कथित ऑडियो-वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आया। इनसे जुड़े दावों में उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और पूर्व महामंत्री संगठन अजय कुमार के नाम कथित VIP के तौर पर लिए गए थे। इसके बाद अंकिता के पिता ने मामले की जांच की मांग उठाई थी।

दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया था। उन्होंने इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया। जनवरी 2026 में उन्होंने सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून के डालनवाला थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके खिलाफ भ्रामक ऑडियो-वीडियो तैयार कर प्रसारित किए गए।

इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने गौतम की मानहानि याचिका पर अंतरिम राहत देते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स को संबंधित आपत्तिजनक सामग्री हटाने के निर्देश दिए थे।

पौड़ी जिले के वनंत्रा रिजॉर्ट में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया। अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई।

मामले की जांच और सुनवाई के दौरान कथित VIP को अतिरिक्त सुविधाएं देने की बात सामने आई थी। हालांकि इस VIP की पहचान को लेकर सवाल बने रहे। अब सीबीआई की जांच के बीच सुरेश राठौर को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए मेडिकल रूप से अनफिट घोषित किए जाने से मामला एक बार फिर चर्चा में है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top