
Nainital Police : Arpan Yaduvanshi : Uttarakhand : नैनीताल जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान अब 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी के हाथों में आ गई है। उन्होंने शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह हल्द्वानी स्थित पुलिस कार्यालय पहुंचे…जहां सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

अर्पण यदुवंशी को पुलिसिंग के साथ ही आपदा प्रबंधन और चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियानों का अनुभव है। वह इससे पहले पुलिस अधीक्षक रेलवे, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी और सेनानायक एसडीआरएफ जैसे अहम पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनकी कार्यशैली अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और परिणाम पर केंद्रित मानी जाती है।
अर्पण यदुवंशी जब उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक थे, उस दौरान जिले में कानून-व्यवस्था के साथ चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। इसी कार्यकाल में सिलक्यारा सुरंग हादसा हुआ था। सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए गए लंबे रेस्क्यू अभियान में उन्होंने घटना कमांडर के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी।
इस अभियान में अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल बेहद जरूरी था। अर्पण यदुवंशी ने विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर बचाव कार्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसडीआरएफ के सेनानायक के तौर पर करीब दो साल तक उन्होंने आपदा प्रबंधन और बचाव अभियानों का नेतृत्व किया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन की जिम्मेदारी भी उन्होंने संभाली थी।
अगस्त 2025 में धराली में आई आपदा के दौरान भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। इस अभियान में 1,386 लोगों को सुरक्षित निकालने और करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाने में एसडीआरएफ ने काम किया। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 प्रमाणन भी मिला।
पुलिस और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए अर्पण यदुवंशी को कई सम्मान मिल चुके हैं। इनमें मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास प्रशंसा पदक, एनडीएमए प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर शामिल हैं।
उन्होंने ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व भी किया है। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आपदा प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए हैं।
नैनीताल जिले की जिम्मेदारी संभालने के बाद अर्पण यदुवंशी के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को बेहतर करना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। जिले में पर्यटन गतिविधियों और लगातार बढ़ते आवागमन को देखते हुए यातायात प्रबंधन भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।





