
Rudraprayag : SirobgadTrafficJam : Uttarakhand : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर सिरोबगड़ में लग रहे जाम ने अब शादी-ब्याह के कार्यक्रमों को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को यहां घंटों तक यातायात बाधित रहने से एक बारात रास्ते में फंस गई। तय समय पर शादी समारोह में पहुंचने की उम्मीद लेकर निकले दूल्हे को जब लंबे इंतजार के बाद भी रास्ता नहीं मिला तो उसका गुस्सा फूट पड़ा। दूल्हे ने मौके पर ही व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

जानकारी के मुताबिक सिरोबगड़ में पहाड़ी के ट्रीटमेंट का काम चल रहा है। सुरक्षा के लिहाज से किए जा रहे इस काम के दौरान यातायात को बार-बार रोका जा रहा है। गुरुवार सुबह भी इसी वजह से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस जाम में बारातियों के वाहन भी फंस गए।
बारात को सुबह करीब 11 बजे तक अपने गंतव्य पर पहुंचना था…लेकिन रास्ता बंद होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सके। घंटों इंतजार करने के बाद दूल्हे का धैर्य जवाब दे गया। उसने सरकार और शासन-प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है। ऐसे में प्रशासन को लोगों की जरूरी जरूरतों और कार्यक्रमों का भी ध्यान रखना चाहिए।
दूल्हे ने नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि विकास कार्यों के नाम पर अगर लोगों को घंटों सड़क पर रोका जाएगा तो वे अपने जरूरी काम कैसे पूरे करेंगे? शादी की तारीख और समय पहले से तय होते हैं। ऐसे में जाम के कारण बारात का समय पर नहीं पहुंच पाना दोनों परिवारों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।
सिरोबगड़ में पहाड़ी का ट्रीटमेंट सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है…क्योंकि यहां पहाड़ी से संभावित खतरे को देखते हुए काम किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानी भी लगातार सामने आ रही है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि निर्माण कार्य के साथ ऐसी व्यवस्था भी होनी चाहिए….जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से घंटों इंतजार न करना पड़े।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। दूल्हे की नाराजगी के बाद सिरोबगड़ में यातायात प्रबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सवाल यह है कि पहाड़ी का ट्रीटमेंट और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, दोनों को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था कब बनेगी….जिससे बारातियों के साथ मरीजों, स्थानीय लोगों और दूसरे यात्रियों को भी जाम में परेशान न होना पड़े।





