
Badrinath Dham : Donation Scam : SIT Investigation : बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए जाने वाले दान और चढ़ावे की सुरक्षा में कहां चूक हुई? मंदिर में चढ़ावे की गिनती के दौरान गड़बड़ी कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार व्यवस्थाओं में क्या कमियां थीं? इन सवालों की जांच के बाद एसआईटी ने अपनी करीब 300 पन्नों की रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। इस रिपोर्ट में न सिर्फ बदरीनाथ मंदिर प्रबंधन की खामियों का जिक्र है…बल्कि देश के 14 बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर सुधार के कई सुझाव भी दिए गए हैं।

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की थाली भेंट में हेराफेरी का मामला इसी साल 2 जुलाई को सामने आया था। इसके बाद सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। पुलिस ने भी अलग से जांच शुरू की। मामले में आरोपों के घेरे में आए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल और पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। राजेंद्र चौहान 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे।
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय एसआईटी ने करीब पांच महीने तक मामले की जांच की। इस दौरान बीकेटीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए गए। मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के लिए विशेषज्ञों की मदद ली गई।
जांच समिति ने केवल चढ़ावे में हुई कथित गड़बड़ी तक अपनी पड़ताल सीमित नहीं रखी। मंदिर में कर्मचारियों की ड्यूटी, उनके आने-जाने का समय, सीसीटीवी निगरानी, कार्यालय खुलने और बंद होने जैसी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
एसआईटी की रिपोर्ट में एक अहम बात सामने आई है। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि चढ़ावे में हेराफेरी लंबे समय से नहीं चल रही थी…बल्कि कम समय के अंतराल में ही यह पूरा खेल हुआ। इसके साथ ही बीकेटीसी की प्रबंधन व्यवस्था में मौजूद कमियों को भी रेखांकित किया गया है।
रिपोर्ट में मंदिर अधिनियम का हवाला देते हुए बताया गया है कि दान की धनराशि भगवान की संपत्ति है…जबकि उसकी देखरेख और प्रबंधन की जिम्मेदारी बीकेटीसी की है।
बदरीनाथ धाम में भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो…इसके लिए एसआईटी ने देश के 14 प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया। इनमें तिरुपति बालाजी, वैष्णो देवी, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर और जगन्नाथ मंदिर जैसे बड़े धार्मिक स्थल शामिल हैं।
समिति ने इन मंदिरों में चढ़ावे की गिनती, सुरक्षा, प्रबंधन और दान सामग्री को सुरक्षित रखने के तरीकों को समझा। कई मंदिरों में विशेषज्ञों के जरिए अलग-अलग विभागों का संचालन किया जाता है। इनमें आईटी, सुरक्षा, स्वच्छता और जनसंपर्क जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
एसआईटी ने दूसरे मंदिरों की व्यवस्थाओं के आधार पर बदरीनाथ धाम के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
कांच की दीवारों वाला कक्ष: चढ़ावे की गिनती ऐसे विशेष हॉल में हो…जहां पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे और बाहर से भी निगरानी की जा सके।
360 डिग्री CCTV कैमरे: गिनती कक्ष के हर कोने पर हाई डेफिनिशन कैमरे लगाए जाएं। कंट्रोल रूम से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जाए।
बिना जेब वाले कपड़े: गिनती में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के लिए बिना जेब वाले कपड़ों की व्यवस्था हो। प्रवेश और निकासी के समय तलाशी भी ली जाए।
मशीनों से नोटों की गिनती: हाई स्पीड मशीनों से नोटों की गिनती, छंटाई और नकली नोटों की पहचान की जाए। इस दौरान बैंक अधिकारियों की मौजूदगी रहे।
सोने-चांदी का अलग प्रबंधन: चढ़ावे में मिलने वाले सोने-चांदी के आभूषणों का वजन और शुद्धता जांचने के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए। विदेशी मुद्रा के लिए भी अलग डेस्क हो।
एसआईटी ने देश के उत्तर और दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं को अपनी जांच में शामिल किया। इनमें शामिल है…
काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी
वैष्णो देवी मंदिर, जम्मू-कश्मीर
अमरनाथ गुफा, जम्मू-कश्मीर
स्वर्ण मंदिर, अमृतसर
अक्षरधाम मंदिर, नई दिल्ली
महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन
जगन्नाथ मंदिर, पुरी
रंगनाथस्वामी मंदिर, तमिलनाडु
वेंकटेश्वर मंदिर (तिरुपति बालाजी), आंध्र प्रदेश
मीनाक्षी अम्मन मंदिर, मदुरै
बृहदेश्वर मंदिर, तमिलनाडु
रामनाथस्वामी मंदिर, तमिलनाडु
पद्मनाभस्वामी मंदिर, केरल
विरुपाक्ष मंदिर, कर्नाटक
शासन को भेजी गई रिपोर्ट
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। सरकार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव मांगे थे। एसआईटी ने देश के बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर अपनी महत्वपूर्ण सिफारिशें भी रिपोर्ट के साथ भेजी हैं। अब इन सुझावों पर शासन स्तर पर आगे निर्णय लिया जाना है।





