CM Corner

लोकथात महोत्सव में CM धामी ने की बड़ी घोषणाएं

Ad

Bindukhatta | CM Dhami | Lokthaat Mahotsav : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता के लोगों को विकास से जुड़ी दो बड़ी सौगातें देने की घोषणा की है। तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ ही क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर भी बात की।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकगायक स्वर्गीय प्रह्लाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें स्कूल और स्टेडियम का निर्माण भी शामिल है। इसके साथ ही बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक भवन बनाया जाएगा। इस भवन में स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को मंच मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने लोकगायक प्रह्लाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनके गीत आज भी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ गीत के जरिए उन्होंने बेटियों के सम्मान और जीवन के अधिकार का संदेश दिया…जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत ने लोगों को अपनी जन्मभूमि और जड़ों से जोड़े रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी लोक परंपराओं, भाषा, संगीत और सांस्कृतिक विरासत से है। सरकार विकास के साथ इस विरासत को सहेजने पर भी काम कर रही है। उन्होंने ‘लोकथात’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि लोक यानी लोग और थात यानी विरासत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र को राज्य आगे बढ़ा रहा है।

सीएम धामी ने लालकुआं और आसपास के इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि नकायल पुल का निर्माण सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरा हो चुका है। शेर नाला पुल पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और इसका काम पूरा हो गया है। वहीं विजयपुर गौला पार पुल का निर्माण करीब चार करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया है।

सूर्य नाला और लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर पुल से जुड़ी प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। बिंदुखत्ता में करीब 15 साल से अटकी विद्युतीकरण की बाधा दूर होने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं। लालकुआं की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय को स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रूप में अपग्रेड किया गया है। इसके अलावा गौला और नंधौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने तथा जंगल से सटे इलाकों में सोलर फेंसिंग लगाने के काम भी किए जा रहे हैं।

बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में राज्य सरकार प्रशासनिक स्तर पर काम कर रही है और केंद्र सरकार से भी बातचीत की जा रही है। वन अधिकार समिति के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान लोक संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाले नैनी सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को भी सम्मानित किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top