
Uttarakhand | Uttarkashi | Pawani Village | CMdhami : उत्तराखंड के मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। शाम करीब 5 बजे लगी आग ने देखते ही देखते कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान 5 से 6 रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग और भड़क गई। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रशासन की अपडेटेड रिपोर्ट के मुताबिक, इस अग्निकांड में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं।

आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लकड़ी के मकानों में आग तेजी से फैलती रही। घटना के करीब तीन घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
एसडीएम पुरोला से मिली जानकारी के मुताबिक, अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। गांव में 13 मकान सुरक्षित बच गए…जबकि 33 आवासीय मकान पूरी तरह जल गए। आग की चपेट में पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को अग्निकांड से हुए नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि देने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री 25 नवंबर को पवाणी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि उनके दौरे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विधायक दुर्गेश्वर लाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और मंत्री मदन कौशिक ने भी अग्निकांड पर दुख जताया है।





