Nainital-Haldwani News

90 पैसे का मास्क खरीदा ₹17 में: हल्द्वानी नगर निगम का 35 लाख का घोटाला

Ad

आरटीआई कार्यकर्ता गुरविंदर सिंह चड्ढा द्वारा दायर आरटीआई से नगर निगम में कोरोना से लड़ने वाले सामान की खरीद पर एक बड़ा घोटाला सामने आया है। लॉकडाउन के दौरान नगर निगम ने मास्क, सैनिटाइजर, स्प्रे एवं फेस शील्ड आदि सामान खरीदा था। इसकी विस्तृत सूचना पाने के लिए गुरविंदर सिंह चड्डा ने आरटीआई लगाई थी। कांग्रेस नेता सुमित हृदेश ने इसके आधार पर नगर निगम पर आरोप लगाया है। उनके अनुसार नगर निगम की खरीद के दाम और बाजार के दाम का हिसाब लगाया जाए तो निगम ने करीब ₹35,00,000 का घोटाला किया है ।

ADVERTISEMENTS Ad

यह भी पढ़ें: लॉकडाउन में बिच्छू घास की चाय बेच कर कमाया मुनाफ़ा, Amazon से भी हुआ करार

कांग्रेस ने इस आरटीआई के सहारे नगर निगम, हल्द्वानी पर जमकर हमला बोला है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुमित हृदेश पार्षदों के संग स्वराज आश्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठे। उन्होंने इस भ्रष्टाचार को लेकर मेयर से इस्तीफे की मांग की। उनके अनुसार FFP1 मास्क की कीमत बाजार में मात्र ₹30 है। परंतु निगम ने उसे ₹174 में खरीदा। इसके अलावा ₹30 में मिलने वाली फेस शिल्ड को भी ₹178 का भुगतान कर खरीदा गया। वही ₹25 में मिलने वाले रबर ग्लव्स हजारों की मात्रा में खरीदे गए हैं परंतु ₹55 प्रति ग्लव्स की दर से।

कांग्रेस ने कहा कि वह नगर निगम को भ्रष्टाचार करने के लिए अदालत में घसीटेगी। लेकिन पहले उन्हें एक और आरटीआई से और विस्तृत सूचना की उम्मीद है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि महामारी के दौरान उन्होंने जनता की सेवा करने की पूरी कोशिश की। आम जनता एवं कांग्रेस पार्टी ने जी जान से संसाधन जुटाकर परेशान लोगों की मदद की। ऐसे में निगम की यह भ्रष्टाचारी हरकत हौसला तोड़ने वाली है जिसके लिए आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी

ADVERTISEMENTS Ad
To Top