Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में भीषण गर्मी ने तोड़ा दस साल का रिकॉर्ड, मौसम विभाग ने कहा और बढ़ेगा तापमान…

हल्द्वानी: इस बार गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अप्रैल का महीना चल रहा है। मगर गर्मी की तपिश महसूस करने पर ये महीने मई या जून का आभास करा रहा है। प्रचंड गर्मी के लगातार बढ़ते कहर से लोग बेहाल हो गए हैं। पानी-बिजली की समस्या ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। दिन प्रतिदिन तापमान में आग लगती जा रही है और ये ऊपर की तरफ बढ़ता जा रहा है। हल्द्वानी का तो हाल बेहाल है। यहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

हल्द्वानी से काठगोदाम व नैनीताल समेत कई पहाड़ी इलाकों की दूरी कम है। लोग पहाड़ को जाने से पहले हल्द्वानी से होकर ही जाते हैं। लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों से सटे होने के बावजूद हल्द्वानी की गर्मी भयंकर होती जा रही है। मंगलवार यानी बीते दिन की ही बात करें को हल्द्वानी सहित आसपास के इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। डरावनी बात तो ये है कि बीते 10 सालों में अप्रैल माह में यह सबसे अधिकतम तापमान है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट भी डराने का काम कर रही है। विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। इस हिसाब से हल्द्वानी में पारा 41 डिग्री के पार होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। अप्रैल महीने की बात करें तो हल्द्वानी में अबतक सबसे अधिकतम पारा साल 2009 में रिकॉर्ड किया गया था। आईएमडी की वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार हल्द्वानी क्षेत्र में 2009 में 41.5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया था।

बता दें कि पिछले 10 सालों में साल 2021 में सबसे अधिकतम पारा 39.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि इस साल गर्मी भयंकर पड़ रही है। ऐसे में अभी भले ही सिर्फ 10 साल का रिकॉर्ड टूटा है। मगर उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार कई और भी रिकॉर्ड धराशाई होंगे। एकमात्र गर्मी ने ही जीना मुश्किल नहीं किया है बल्कि घरों से बाहर निकलने वालों की नाक में लू ने दम कर रखा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 30 अप्रैल तक मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।

हल्द्वानी में पिछले दस सालों का तापमान (अप्रैल)

साल – तापमान (डिग्री सेल्सियस)

साल 2012 – 37.3 डिग्री

साल 2013 – 38.9 डिग्री

साल 2014 – 38.7 डिग्री

साल 2015 – 37.0 डिग्री

साल 2016 – 39.2 डिग्री

साल 2017 – 38.6 डिग्री

साल 2018 – 37.8 डिग्री

साल 2019 – 39.4 डिग्री

साल 2020 – 36.4 डिग्री

साल 2021 – 39.9 डिग्री

To Top