Sports News

कौन है मयंक यादव… IPL डेब्यू में कमाल किया और पूरा देश कर रहा है चर्चा


IPL 2024: Punjab Kings Vs Lucknow Giants: Mayank Yadav’s Fastest Delivery:

क्रिकेट प्रेमियों और भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए IPL एक बहुत महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। IPL में जहाँ युवा भारतीयों को अपना टैलेंट दिखाने का मौका मिलता है, वहीं दर्शकों को भी भारत के अंडरग्राउंड टैलेंट की झलक देखने को मिलती है। IPL खेल कर कई खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट टीम में भी जगह बनाई है और कई खिलाड़ियों ने अपनी अद्भुत प्रदर्शन से राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को चौंकाया भी है। इसी तरह रातों-रात लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए अपना पहला ही मैच खेल रहे मयंक यादव ने IPL 2024 की सबसे तेज़ गति की गेंद कर के पंजाब किंग्स के साथ बाकी टीमों को भी चौंका दिया है।

Join-WhatsApp-Group

मयंक यादव ने लखनऊ सुपर जाइंट्स बनाम पंजाब किंग्स के मुकाबले में दूसरी पारी के दसवे और अपने IPL करियर के पहले ओवर की शुरुआत 147 Km/Hr की तेज़ गेंद के साथ की। पहली ही गेंद से पूरे भारत का ध्यान अपनी तरफ खींच कर मयंक ने अपने पहले ओवर की तीसरी गेंद 150 Km/Hr से फेंकी। पंजाब के लिए ओपनिंग कर रहे कप्तान शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो ने अपनी टीम को 100 रनों की अच्छी शुरुआत दिला दी थी। लखनऊ के कप्तान ‘के एल राहुल’ ने विकेट की तलाश में बारहवाँ ओवर फिर मयंक यादव को दिया और इस ओवर में आई IPL 2024 की सबसे तेज़ गेंद जिसकी रफ़्तार थी 155.8 Km/Hr। इससे पहले अभी तक 2024 की सबसे तेज़ गेंद का रिकॉर्ड राजस्थान के नांद्रे बर्गर के नाम था। मयंक ने 4 ओवर दाल कर केवल 27 रन दिए साथ ही बेयरस्टो, प्रभसिमरन और जितेश शर्मा का विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

21 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ मयंक यादव को लखनऊ की टीम ने 2022 में खरीदा था। दो साल पहले भी मयंक 150 Km/Hr की गति से गेंदबाज़ी करने में सक्षम थे। पिछले साल हुए अंडर-23 कर्नल सीके नायडु मुकाबले में मयंक ने 6 मैच में 15 विकेट अपने नाम किए थे। इस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेले गए मैच में मयंक ने 6 विकेट लेकर आधे से ज़्यादा टीम को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। मयंक को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023-24, विजय हजारे ट्रॉफी, 2023 देवधर ट्रॉफी में भी अपने शानदार प्रदर्शन के लिए पहचाना जाता है।

मयंक दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और उन्होंने अब तक केवल एक ही फर्स्ट क्लास मैच खेला है। मयंक ने 17 लिस्ट-ए और 10 टी20 मैच खेले हैं। लिस्ट-ए में मयंक ने 5.35 की शानदार इकॉनमी के साथ अपने नाम 34 विकेट दर्ज किए हैं। टी20 में भी मयंक ने 6.44 की इकॉनमी के साथ 12 विकेट हासिल किए हैं।

To Top