
Nainital Milk Union : Mukesh Bora : Annual General Meeting : नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में यह अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें दुग्ध उत्पादकों के हितों, संघ की उपलब्धियों और आने वाले समय की योजनाओं पर चर्चा होगी।

अधिवेशन की तैयारियों को लेकर बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल और अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम स्थल, आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से वार्षिक अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
अधिवेशन में पिछले एक साल के कामकाज का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें संघ की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, आय-व्यय का विवरण और दुग्ध उत्पादकों के लिए संचालित योजनाओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा दूध उत्पादन बढ़ाने, पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं देने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े विषय भी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान संघ की उपलब्धियों को साझा करने के साथ दुग्ध उत्पादकों के योगदान को भी सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल और थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





