
Uttarakhand Roads : Gangotri All Weather Road : Nitin Gadkari : उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने कई अहम परियोजनाओं को लेकर स्थिति साफ की है। उत्तरकाशी से गंगोत्री तक प्रस्तावित ऑल वेदर रोड को लेकर भी समयसीमा सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर बताया है कि इस परियोजना के 100 किलोमीटर हिस्से में से 14 किलोमीटर के कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। बाकी 86 किलोमीटर के कार्यों को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।

गडकरी के पत्र के बाद गंगोत्री तक सड़क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद बढ़ गई है। परियोजना पूरी होने पर गंगोत्री धाम तक सालभर आवाजाही आसान बनाने में मदद मिलेगी। इसका सीधा फायदा स्थानीय लोगों के साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिल सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने टनकपुर से जौलजीबी तक सड़क चौड़ीकरण की जानकारी भी दी है। इस मार्ग पर 183 किलोमीटर सड़क को दो लेन में चौड़ा करने का काम पूरा हो चुका है। इससे सीमांत क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़ में बाईपास निर्माण की योजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है। जौलजीबी से बागेश्वर तक सड़क चौड़ीकरण की डीपीआर को 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य है।
बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक सड़क को दो लेन में चौड़ा करने की तैयारी भी चल रही है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट अगले साल तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। डीपीआर बनने के बाद परियोजना के अगले चरणों पर काम आगे बढ़ सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। इसमें लंबित योजनाओं को आगे बढ़ाने और राज्य में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने का अनुरोध किया गया था। अब गडकरी ने जवाबी पत्र में अलग-अलग परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति और उनकी संभावित समयसीमा की जानकारी दी है।





