National News

आईबी अलर्ट: देश की इस जेल को ब्लास्ट कर उड़ाने की साजिश, जानिए

नई दिल्लीः आईबी को इनपुट मिला था कि बेउर जेल को उड़ाने की साजिश रची जा रही है। इनपुट के बाद जेल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। जेल के बाहर भारी संख्या में बीएमपी और जिला पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। आईबी की एक खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक पटना की बेउर जेल में बंद कुख्यात कैदी जेल ब्रेक कर फरार हो सकते हैं। आईबी की इस रिपोर्ट के बाद बिहार में और बिहार सरकार के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

इंटेलिजेंस ब्यूरो की इस सूचना के बाद पूरा प्रशासनिक अमला पटना की बेउर जेल पहुंचा। इसके बाद जेल के सभी वार्डों की बारीकी से जांच की गई। बिहार सरकार के गृह सचिव अमिर सुहानी और डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने भी बेउर जेल पहुंच कर हालात का जायजा लिया।

बता दें कि बेउर जेल में बंद कुछ खतरनाक आतंकवादियों और माओवादियों को छुड़ाने के लिए जेल ब्रेक को अंजाम दिया जा सकता है। इस तरह का गंभीर इनपुट आईबी की तरफ से दिया गया। बेउर जेल प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया। जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने का आदेश दिए गए हैं।

आईबी के अलर्ट के बाद प्रशासन ने बेउर जेल के अंदर विशेष सर्च अभियान चलाया है। अलर्ट के बाद देर रात बेउर जेल प्रशासन ने अचानक कैदियों के वार्ड में छापेमारी शुरू कर दी। बेउर जेल प्रशासन ने जेल में बंद कुख्यात आतंकवादियों के वार्ड की तलाशी भी ली।

बता दें कि पटना की बेउर जेल देश की सबसे सुरक्षित जेल मानी जाती है। पटना में 2013 में हुए सीरियल ब्लास्ट मामले में बांग्लादेशी आतंकवादी इसी जेल में बंद हैं। वहीं कुख्यात नक्सली सरगना अजय कानू भी इसी जेल में बंद है। अजय कानू को जेल से निकालने के लिए माओवादियों ने 2005 में जहानाबाद जेलब्रेक करके मामले को अंजाम दिया था।


To Top