Almora News

सफर का दूसरा नाम है संघर्ष, इंटरनेट पर वायरल हुए प्रदीप मेहरा की कहानी आपको भावुक कर देगी…

Ad

अल्मोड़ा: उगते हुए सूरज और तरक्की कर रहे व्यक्ति को सलाम करना आसान होता है। मुश्किल होता है उस व्यक्ति का सफर। सफर और संघर्ष एक दूसरे के पर्यायवाची के रूप में भी एकदम फिट बैठते हैं। अल्मोड़ा निवासी वायरल बॉय प्रदीप मेहरा की वीडियो आज खूब वायरल हो रही हैं। वीडियो में जो दिख रहा है, लोग उससे प्रेरित भी हो रहे हैं। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि प्रदीप की जिंदगी कोई सरल सी राह नहीं है। बल्कि प्रदीप के जीवन में अपार मुसीबतें हैं, जिनसे पार पाकर वह इतने बड़े सपने देखता है।

ADVERTISEMENTS Ad

19 साल की उम्र में आप-हम में से शायद अधिकतर लोग या तो आराम फरमा रहे होते हैं या कॉलेज में पढ़ रहे होते हैं। लेकिन प्रदीप के सामने इतने ऑप्शन नहीं थे। प्रदीप की मां बीना देवी के टीबी और आंतों की बीमारी से जूझने के चलते और परिवार की रोजी रोटी के इंतजाम के लिए प्रदीप को अपना घर छोड़कर नएडा आना पड़ा। यहां पर उनके बड़े भाई 21 वर्षीय पंकज मेहरा पहले से एक नौकरी कर रहे थे। रुपयों का इंतजाम कर मां बीना देवी को दिल्ली के नांगलेई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदीप मेहरा बताते हैं कि उन्होंने मां की बीमारी के बाद ही खेतों को छोड़कर नोएडा का रुख किया।

बड़े भाई पंकज नोएडा के सेक्टर-38 में मैक्डी आउटलेट में काम कर रुपए कमाते थे लेकिन फिर भी घर चलाना मुश्किल था। पंकज मेहरा बताते हैं कि मां को निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ज्यादा इनकम की जरूरत थी। ऊपर से हम लोगों पर कर्ज बढ़ गए थे। मेहरा बताते हैं कि डेढ़ महीने में अस्पताल का बिल 3 से 4 लाख रुपये हो गया। आपको याद होगा कि फिल्ममेकर विनोद कापड़ी के द्वारा सोशल मीडिया पर प्रदीप मेहरा का वीडियो कितना वायरल हुआ था। इस वीडियो में उन्होंने बताया था कि उन्हें घर में खाना बनाने का काम और फिर नौकरी के बाद आर्मी की तैयारी के लिए वक्त नही मिलता।

वायरल वीडियो में कापड़ी के “तुम वायरल हो जाओगे ” कहने पर प्रदीप ने कहा था कि मुझे कौन पहचानने वाला है? लेकिन वीडियो ऐसा वायरल हुआ कि आज पूरा देश उन्हें पहचान रहा है। सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदीप मेहरा की तारीफ हो रही है। नेताओं से लेकर उद्योगपतियों, खिलाड़ियों से लेकर बड़ी हस्तियों ने प्रदीप का वीडियो देखकर उसके जज्बे की तारीफ की है। इधर, अल्मोड़ा के धनर निवासी प्रदीप मेहरा के पिता त्रिलोक सिंह को विश्वास ही नहीं हो रहा कि वाकई ऐसा कुआ हुआ भी है।

पिता कहते हैं कि उन्हें यह नहीं समझ आ रहा है कि उनका बेटा एक सेलिब्रिटी कैसे बन गया? लेकिन उन्हें उस पर गर्व है। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक तरफ जहां सब प्रदीप की तारीफ कर रहे हैं। वहीं बहुत से लोग ये भी कह रहे हैं कि ऐसा संघर्ष तो बहुत से करते हैं। करते हैं, बिल्कुल करते हैं। लेकिन अपनी सादगी और सच्ची भावना के बल पर प्रदीप मेहरा रातोंरात सेलिब्रिटी बने हैं। लेकिन प्रदीप पूरे देश में ऐसे वायरल हो गए हैं कि खुद विनोद कापड़ी ने अब ट्वीट करके लोगों से अपील की है कि वे बच्चे को अकेला छोड़ दें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top