
Rajaji Tiger Reserve : Jungle Safari : Uttarakhand : जंगल सफारी और वन्यजीवों को करीब से देखने के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। राजाजी टाइगर रिजर्व के चार पर्यटक जोन के द्वार 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलने जा रहे हैं। नए पर्यटन सत्र को लेकर पार्क प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जंगल के कच्चे रास्तों को ठीक करने से लेकर सफारी ट्रैक को दुरुस्त करने तक का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।

पार्क प्रशासन इस बार पर्यटकों को बेहतर सफारी अनुभव देने के लिए विशेष इंतजाम कर रहा है। जंगल के रास्तों को समतल किया जा रहा है…जबकि क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जा रही है…ताकि सफारी वाहनों को आने-जाने में परेशानी न हो।
इसके साथ ही जंगल में वन्यजीवों के लिए नए जलस्रोत भी विकसित किए गए हैं। इससे गर्मी और शुष्क मौसम में जानवरों को पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही पानी के आसपास वन्यजीवों को देखने का मौका मिलने की उम्मीद भी है।
नए पर्यटन सत्र को लेकर पर्यटकों में अभी से उत्साह दिखाई देने लगा है। चिल्लावाली पर्यटक जोन में एक सप्ताह की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। अन्य जोन में भी बुकिंग जारी है। रानीपुर और चिल्लावाली जोन में सफारी ट्रैक को दुरुस्त करने सहित जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।
15 नवंबर से 15 फरवरी तक पर्यटकों को दो समय पर जंगल सफारी का मौका मिलेगा। सुबह 6:30 से 8 बजे के बीच और दोपहर बाद 1:30 से 3 बजे के बीच पर्यटकों को जंगल में प्रवेश दिया जाएगा। तय समय के भीतर सफारी पूरी कर जंगल से बाहर निकलना अनिवार्य होगा।
फरवरी से जून तक सूर्योदय और सूर्यास्त के समय के हिसाब से सफारी की टाइमिंग में बदलाव किया जाएगा। एक सफारी में करीब दो से साढ़े तीन घंटे का समय लगता है।
पिछले पर्यटन सत्र यानी 15 नवंबर 2025 से 15 जून 2026 के बीच राजाजी टाइगर रिजर्व के चारों पर्यटक जोन में कुल 50,309 पर्यटक पहुंचे थे। इनमें 47,881 भारतीय और 2,428 विदेशी पर्यटक शामिल थे। इस दौरान पार्क प्रशासन को पर्यटन से करीब 1.28 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था।
इस बार पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्क प्रशासन का जोर सफारी के रास्तों को बेहतर बनाने, वन्यजीवों के लिए पानी की व्यवस्था करने और पर्यटकों को सुरक्षित व यादगार अनुभव देने पर है।
वाइल्ड लाइफ वार्डन चित्रांजली नेगी ने बताया कि रानीपुर और चिल्लावाली पर्यटक जोन में सफारी ट्रैक को दुरुस्त करने समेत सभी जरूरी तैयारियां कराई जा रही हैं। वन्यजीवों के लिए जलस्रोत भी विकसित किए गए हैं। 15 नवंबर से पर्यटकों को बेहतर सफारी अनुभव देने के लिए विभाग की ओर से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।





