National News

हार्टअटैक से एंकर रोहित सरदाना की मौत, रेडियो स्टेशन से की थी करियर की शुरुआत

नई दिल्ली: इस वक्त की सबसे बड़ी खबर मीडिया जगत से सामने आ रही है। इंडिया टुडे ग्रुप आजतक के एंकर व वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना का निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में थे और आज सुबह उन्हें हार्टअटैक आया। उन्होंने नोएडा के एक निजी हॉस्पिटल में अंतिम सांसे ली। इस खबर के सामने आने के बाद पूरे मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। इनके निधन के बाद मीडिया जगत से जुड़े तमाम बड़े पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर दुख जाहिर किया है।

कुछ वक्त पहले वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी रोहित सरदाना की मौत की जानकारी दी है। उन्होंने ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘दोस्तों बेहद दुखद खबर है। मशहूर टीवी न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया है। उन्हें आज सुबह ही हार्ट अटैक आया है। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।’

रोहित सरदाना ने अपनी स्कूली शिक्षा कुरुक्षेत्र से हासिल की थी । स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद रोहित सरदाना आगे की पढ़ाई करने के लिए हिसार चले गए। रोहित सरदाना ने गुरु जम्बेश्वर विश्वविद्यालय विज्ञान और प्रौद्योगिकी से मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की है। इसके बाद रोहित सरदाना ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है।

रोहित सरदाना ने अपना करियर की रेडियो स्टेशन से शुरू किया था। कुछ वक्त तक रोहित सरदाना के सिटी केबल में काम किया। इसके बाद वह हरियाणा छोड़कर दिल्ली आ गए। उन्होंने सबसे पहले ई-TV नेटवर्क के साथ इंटर्नशिप की और फिर उन्हें ई-TV नेटवर्क में ही नौकरी मिल गई। रोहित सरदाना की प्रतिभा को संस्थान ने पहचाना और उन्हें टीवी एंकर बना दिया। वह कुछ वक्त के लिए हैदराबाद भी गए।

रोहित सरदाना ने साल 2004 में सहारा ज्वाइन किया। दो साल सहारा में काम करने के बाद वह जी न्यूज का हिस्सा बनें और उन्हें पूरे देश में पहचान मिली। वह बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए पहचाने जाने लगे। ज़ी न्यूज़ पर रोहित सरदाना का डिबेट शो ‘ताल-ठोक के’ काफी लोकप्रिय हुआ। इस शो में रोहित सरदाना देश के मुद्दों पर डिबेट करते थे। साल 2017 में रोहित सरदाना जी न्यूज छोड़कर आजतक चले गए। आजतक में रोहित सरदाना का डिबेट शो दंगल भी काफी प्रसिद्ध रहा था। लंबे समय से टीवी मीडिया का चेहरा रहे रोहित सरदाना इन दिनों ‘आज तक’ न्यूज चैनल प्रसारित होने वाले शो ‘दंगल’ की एंकरिंग करते थे। 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।

To Top