Chamoli News

उत्तराखंड: मेले के सफल आयोजन के बाद शादी रचाकर सुर्खियों में आए SDM अलकेश नौडियाल

Ad

Gauchar Mela : Chamoli News : Alkesh Naudiyal : Uttarakhand PCS : सरकारी जिम्मेदारी और निजी जीवन के बीच तालमेल कैसे बनाया जाता है…इसकी एक मिसाल चमोली में देखने को मिली है। यहां कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नौडियाल ने पहले गौचर मेले की जिम्मेदारी पूरी की और उसके अगले ही दिन शादी के बंधन में बंध गए। मेले के सफल आयोजन के बाद उनकी शादी अब चर्चा का विषय बनी हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad

दरअसल एसडीएम अलकेश नौडियाल को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह इस मेले के अधिकारी भी थे। 14 नवंबर से शुरू हुआ यह आयोजन 20 नवंबर तक चला। इस दौरान उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं से लेकर आयोजन के सफल संचालन तक की जिम्मेदारी संभाली।

20 नवंबर की शाम मेले का विधिवत समापन हुआ और इसके अगले ही दिन यानी 21 नवंबर को अलकेश नौडियाल ने शादी कर ली। उन्होंने कर्णप्रयाग के प्रसिद्ध उमा देवी मंदिर में अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में एसडीएम पद पर तैनात यक्षी अरोड़ा के साथ सात फेरे लिए।

अलकेश नौडियाल और यक्षी अरोड़ा का विवाह समारोह बेहद सादगीपूर्ण रहा। इसमें दोनों परिवारों के चुनिंदा रिश्तेदार और परिजन ही शामिल हुए। प्रशासनिक जिम्मेदारी पूरी करने के बाद उन्होंने अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत की।

अलकेश नौडियाल 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के पुरोला के रहने वाले हैं। वहीं उनकी जीवनसंगिनी यक्षी अरोड़ा मूल रूप से काशीपुर की निवासी हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले चमोली के जिलाधिकारी रह चुके संदीप तिवारी ने भी गोपेश्वर के प्रसिद्ध गोपीनाथ मंदिर में सादगी के साथ विवाह किया था। अब एसडीएम अलकेश नौडियाल की शादी भी लोगों के बीच चर्चा में है।

इस विवाह की खास बात यह है कि उन्होंने अपने निजी जीवन के महत्वपूर्ण अवसर से पहले सरकारी जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी और गौचर मेले का आयोजन पूरा करने के बाद ही शादी की रस्में निभाईं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top