Pauri News

उत्तराखंड: परीक्षा से पहले टीचर ने तोड़ा 9वीं के छात्र का हाथ! सरकारी स्कूल का मामला

Ad

पौड़ी गढ़वाल: प्रदेश के सरकारी स्कूलों से सामने आने वाली विवादास्पद घटनाओं से मन वैसे ही विचलित रहता है। अब तो स्कूल में एक टीचर ने क्रूरता की सारी हदें ही पार कर दी हैं। परीक्षा से कुछ ही दिन पहले एक नौवीं के छात्र को शिक्षक ने इतना पीटा कि उसका हाथ ही तोड़ डाला। एक तरफ जहां परिवार को परीक्षाओं की चिंता है तो वहीं वे शिक्षक के खिलाफ कड़ा एक्शन भी चाहते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

पौड़ी गढ़वाल जनपद के कल्जीखाल ब्लॉक में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, कांडा के नौवीं के एक छात्र को पीटने का आरोप भूपेंद्र थपलियाल नाम के शिक्षक पर लगा है। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में एक लावारिस कुत्ता घुसा तो शिक्षक ने छात्र को जिम्मेदार ठहराते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया। शिक्षक ने इतने बेरहमी से छात्र को पीटा कि उसका हाथ ही टूट गया।

दरअसल, छात्र के हाथ की हड्डी टूट गई है। परिजनों के अनुसार आगामी 27 फरवरी से छात्र की परीक्षाएं होनी हैं। ऐसे में परीक्षा से ठीक पहले उसका हाथ टूट जाना बड़ी चिंता का सबब है। परिजनों को इस बात की टेंशन है कि, अब उनका बेटा परीक्षा में कैसे बैठेगा। परिजनों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही है।

हालांकि, विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय नेगी ने हाथ टूटने की बात को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि दो-तीन छड़ी मारते समय बच्चे का हाथ सूज गया था। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र थपलियाल वरिष्ठ शिक्षक हैं और आजतक उनके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं आई। उल्लेखनीय है कि इस पूरे मामले में मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक की इस प्रकार की हरकत काफी निंदनीय है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top