Sports News

उत्तराखंड टीम के स्वप्निल सिंह को मिला मेहनत का फल, IPL में लखनऊ टीम से खेलेंगे

Ad

देहरादून: भारत में क्रिकेट के त्योहार को इंडियन प्रीमियर लीग के नाम से जाना और मनाया जाता है। आईपीएल ने आजतक बहुत सारे खिलाड़ियों को पहचान दी है। वो मंच दिया है, जिससे खिलाड़ी आगे बढ़ सकें। ना केवल भारतीय बल्कि विदेशी खिलाड़ी भी आईपीएल का शुक्रिया अदा करते नहीं थकते। IPL 2023 में उत्तराखंड टीम के स्वप्निल सिंह (LSG) और राजन चौधरी (RCB) भी आपको दिखेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad

स्वप्निल सिंह IPL 2023 में लखनऊ टीम से खेलेंगे

बाएं हाथ के स्पिनर, दाएं हाथ के बल्लेबाज स्वप्निल सिंह को केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सूपर जाएंट्स ने 20 लाख रुपए में अपने खेमे में शामिल किया है। स्वप्निल सिंह बतौर गेस्ट प्लेयर उत्तराखंड से खेलते हैं। हाल में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी, फिर विजय हजारे ट्रॉफी और अब रणजी ट्रॉफी में भी स्वप्निल ने उत्तराखंड की तरफ से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। स्वप्निल सिंह पहले किंग्स 11 पंजाब और मुंबई इंडियंस का हिस्सा भी रह चुके हैं।

मेहनत का फल आज नहीं तो कल, मिलता ही है…

IPL नीलामी में लखनऊ टीम के द्वारा चुने जाने के बाद हल्द्वानी लाइव ने स्वप्निल से खास बातचीत की है। स्वप्निल ने बताया कि नीलामी से पहले उन्होंने केवल अपने प्रदर्शन को बेहतर करने पर ही काम किया था। वही काम भी आया। गौरतलब है कि आईपीएल नीलामी से पहले स्वप्निल भी टीमों के ट्रायल में गए थे। स्वप्निल सिंह बताते हैं कि उन्होंने ट्रायल में काफी अच्छा परफॉर्म किया था। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी का सबसे पहला काम यही होना चाहिए कि वो अपनी प्रक्रिया पर ध्यान दे। क्योंकि मेहनत कभी ना कभी फल जरूर देती है।

उत्तराखंड टीम से खेलना अच्छा अनुभव

इसमें कोई दोराय नहीं कि गेस्ट प्लेयर का काम किसी भी प्रदेश की टीम के युवा खिलाड़ियों को आगे लेकर आना भी होता है। स्वप्निल सिंह इस मामले में भी अव्वल रहे हैं। उत्तराखंड टीम में सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों का अच्छा मिक्स है। हाल में टीम की अच्छी परफॉर्मेंस और कुछ करीबी मुकाबले हारने को भी स्वप्निल सकारात्मक रूप से देखते हैं। उनका कहना है कि उत्तराखंड में युवा प्रतिभा की कमी नहीं है। हम लोगों का आपसी तालमेल अच्छा होने के कारण ही टीम अच्छा करती है और यही कारण है कि उत्तराखंड से खेलने का मेरा अनुभव बहुत अच्छा है।

उत्तराखंड टीम के काम आएगा IPL का अनुभव

आईपीएल में देशी विदेशी महान खिलाड़ी भाग लेते हैं। ऐसे में उत्तराखंड, जो कि भारतीय घरेलू क्रिकेट में ज्यादा पुराना नाम नहीं है, के खिलाड़ियों में से कोई आईपीएल खेले तो ये बड़ी बात हो जाती है। स्वप्निल सिंह ने हल्द्वानी लाइव को बताया कि उनका पूरा प्रयास रहता है कि वो अपना अनुभव बाकी खिलाड़ियों के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के बहुत से खिलाड़ी आईपीएल में खेलते हुए दिखेंगे। स्वप्निल ने कहा कि उनका अगले साल का अनुभव भी खिलाड़ियों के काम आएगा।

देवभूमि के युवा खिलाड़ियों के लिए संदेश

कूच बेहार ट्रॉफी और विजय मर्चैंट ट्रॉफी में उत्तराखंड के कुछ बच्चों ने “पूत के पांव पालने में दिख जाते हैं” कहावत को सिद्ध किया है। हल्द्वानी लाइव ने जब स्वप्निल से उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के बारे में पूछा तो उन्होंने यही कहा कि, प्रदेश में टैलेंट की कमी नहीं है। मेरा मैसेज यही है कि आप अपने खेल का आनंद लें और मेहनत करने से पीछे नहीं हटें। बहुत मौकों पर आपको लगेगा कि नहीं हो पा रहा है मगर फिर भी डटे रहना है।

स्वप्निल सिंह को हल्द्वानी लाइव की पूरी टीम की तरफ से शेष रणजी ट्रॉफी सीजन और आगामी आईपीएल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top