Nainital-Haldwani News

विजय हजारे में जारी है उत्तराखंड का विजयरथ, मणिपुर के खिलाफ जीत में चमके मयंक और जयबिष्टा

Ad

हल्द्वानी:विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड का शानदार फॉर्म जारी है। मणिपुर के खिलाफ टीम को 7 विकेट से जीत हासिल हुई है। इसके साथ ही उत्तराखंड को 4 प्वाइंट मिले हैं। उत्तराखंड के ओर से मयंक मिश्रा ने किफायती गेंदबाजी की तो बल्लेबाजी में जयबिष्टा भी रंग में दिखाई दिए। मणिपुर के बल्लेबाज उत्तराखंड के गेंदबाजों के सामने खुलकर खेलने में नाकाम रहे। मणिपुर के लगातार अंतराल में विकेट गिरते रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

मणिपुर की बल्लेबाजी की बात करें तो जयंता 32 और किशन ने 29 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टीक सका। निर्धारित 50 ओवर में मणिपुर का स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 148 रन था। उत्तराखंड की ओर से मयंक मिश्रा ने सबसे किफायती गेंदबाजी की, उन्होंने 10 ओवर में एक मेडन के साथ 2 विकेट अपने नाम किए और केवल 18 रन खर्च किए। इसके अलावा आकाश मंडवाल और इकबाल अब्दुल्ला को भी 2-2 विकेट मिले। वहीं दीक्षांशु नेगी और समथ फल्लाह को 1-1 विकेट हासिल हुआ।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी हुई। पहले विकेट के कमल कन्याल और जयबिष्टा ने 113 रनों की साझेदारी की। दुर्भाग्य से कमल 41 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। इसके बाद उत्तराखंड ने कुछ ही देर में कप्तान कुनाल चंदेला का विकेट भी खो दिया। वो 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे लेकिन जयबिष्टा ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और 61 गेंदों में 71 रनों की पारी खेली। उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। अंत में सौरभ रावत ने नाबाद 14 रन और दीक्षांशु नेगी ने नाबाद 17 रन बनाकर टीम को 7 विकेट से जीत दिला दी। उत्तराखंड ने 23.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

बता दें कि उत्तराखंड की विजय हजारे में यह 14वीं जीत है। 2018 से घरेलू क्रिकेट में हिस्सा ले रही उत्तराखंड को 19 मुकाबलों में से केवल 2 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं तीन मुकाबले बारिश के चलते ड्रॉ में समाप्त हुए हैं। लय में दिख रही उत्तराखंड टीम की कोशिश होगी कि वह अपना विजय अभियान जारी रखते हुए नॉकआउट में जगह बनाए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top