Uttarakhand News

पहाड़ में आदमखोर गुलदार मचा रहा आतंक, महिला पर किया हमला, ऐसे बची जान

नैनीतालः पहाड़ो में आदमखोर गुलदारों ने आतंक मचा रखा है। आए दिन गुलदार पहाड़ो के लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। एक बार फिर गुलदार ने महिला पर घातक हमला किया। मामला पिथौरागढ़ का है। जहां धूप सेंक रही महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार महिला को खींचता हुआ जंगल की तरफ ले जाने लगा। महिला के शोर मचाने पर लोग उसकी तरफ दौड़ पड़े। जिसके बाद गुलदार महिला को छोड़कर भाग गया।

बता दें कि घटना कनालीछीना ब्लॉक की है। जहां रविवार को 25 साल की राधा देवी आंगन में धूप सेंक रही थी। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ महिला को दांतों से पकड़कर खींचने लगा। महिला की चीख सुनकर उसकी बहन और पड़ोसी घर से बाहर निकले तो देखा कि तेंदुआ राधा को खींचते हुए जंगल की तरफ ले जा रहा है। उन्होंने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। लोगों का शोर सुनकर गुलदार ने महिला को छोड़ दिया और जंगल की तरफ भाग गया। गुलदार महिला को घर से डेढ़ सौ किलोमीटर दूर तक खींचकर ले गया था। गुलदार के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। उसके शरीर पर गुलदार के पंजों के निशान हैं। घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुलदार के हमले आए दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले पलेटा के चौक्याल गांव में गुलदार ने एक 9 साल की बच्ची पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया था। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से गुलदार को पकड़ने की मांग की।


To Top
Ad