
Indramani Nautiyal : Saudi Arabia : Uttarkashi News : सऊदी अरब में करीब 9 साल 10 महीने तक मुश्किलों का सामना करने के बाद उत्तराखंड के इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार अपने देश लौट आए हैं। उत्तरकाशी जिले के गोरसाड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि शुक्रवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। लंबे समय से उनकी वापसी का इंतजार कर रहे परिवार के लिए यह भावुक पल रहा। इस पूरे संघर्ष में उनकी बेटी दीपिका ने अहम भूमिका निभाई। पिता को वापस लाने के लिए उसने आर्थिक मदद जुटाने से लेकर लगातार प्रयास किए।

इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां उन्हें ट्रक चालक का काम मिला था। वह रियाद में काम कर रहे थे। लेकिन वर्ष 2019 में एक सड़क दुर्घटना के बाद उनकी जिंदगी मुश्किलों में घिर गई। उनके ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में सऊदी अरब के पांच लोगों की मौत हो गई….जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था।
हादसे के बाद इंद्रमणि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हुई और उन्हें जेल भी जाना पड़ा। इस मामले में अदालत ने उन पर 9 लाख रियाल का मुआवजा तय किया था…जो भारतीय मुद्रा में करीब 2.32 करोड़ रुपये से अधिक बैठता है। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए आसान नहीं था।
इंद्रमणि की घर वापसी के लिए सबसे बड़ी चुनौती मुआवजे और कानूनी प्रक्रिया से जुड़ी रकम जुटाना था। परिवार ने इस मुश्किल समय में हिम्मत नहीं छोड़ी। उनकी बेटी दीपिका ने पिता को वापस लाने के लिए मदद जुटाने का अभियान चलाया। परिवार और सामाजिक स्तर पर भी सहयोग की अपील की गई।
इस प्रयास में गांव के लोगों और अन्य मददगारों ने भी साथ दिया। उत्तराखंड सरकार की ओर से परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। सामाजिक कार्यकर्ता रोशन रतूड़ी ने भी इंद्रमणि की वापसी के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
परिवार ने मुआवजे और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े खर्चों के लिए करीब 2.51 करोड़ रुपये जुटाए। इसके बाद इंद्रमणि की स्वदेश वापसी का रास्ता साफ हो सका।
करीब एक दशक बाद इंद्रमणि के भारत लौटने की खबर से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। शुक्रवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद परिजन उन्हें लेने के लिए पहुंचे। अब उनके गांव लौटने पर स्वागत की तैयारी की जा रही है।
इंद्रमणि की वापसी के पीछे उनकी बेटी दीपिका का लंबा संघर्ष रहा। परिवार, ग्रामीणों, सरकार और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से यह संभव हो पाया। लंबे इंतजार के बाद अब इंद्रमणि अपने परिजनों के बीच लौट रहे हैं।





