
Uttarakhand Election 2027 : Aam Aadmi Party : Arvind Kejriwal : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपना चुनावी रुख साफ कर दिया है। पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी। AAP की प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने इसका एलान करते हुए कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही संगठन ने बूथ स्तर पर तैयारियां तेज करने और जनता के बीच पहुंचने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद उमा सिसोदिया ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। उम्मीदवारों के चयन में संगठन के साथ उनकी सक्रियता, जनसेवा के प्रति समर्पण और अपने क्षेत्र में पकड़ को प्राथमिकता दी जाएगी।
उमा सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी के प्रचार अभियान को धार देने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह, जरनैल सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी आएंगे। पार्टी इन नेताओं के जरिए प्रदेशभर में चुनाव प्रचार करेगी।
आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में ‘हर घर नमस्कार अभियान’ शुरू करेगी। इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इस अभियान का मकसद जनता से सीधा संवाद करना और स्थानीय मुद्दों को चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी रोजगार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। AAP इन विषयों पर भाजपा और कांग्रेस के सामने खुद को एक विकल्प के रूप में पेश करेगी।
उमा सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के साथ हुई बैठक में उत्तराखंड के राजनीतिक हालात, प्रदेश संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से बातचीत हुई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई को पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी में जुटने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। सभी 70 सीटों पर जीत की संभावनाएं मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में उतरने को कहा गया है। अब देखना होगा कि प्रत्याशियों की घोषणा और चुनावी अभियान के साथ उत्तराखंड की सियासत में AAP कितनी मजबूत चुनौती पेश कर पाती है।





