Nainital-Haldwani News

आँचल जोशी को दीजिए बधाई, हल्द्वानी के नाम किया एक और गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड

Haldwani Success Story: Guinness World Record Made By Anchal Joshi:

उत्तराखंड की सांस्कृतिक सुंदरता और यहाँ की अभूतपूर्व उपलब्धियां जितनी महत्वपूर्ण होती हैं उतनी ही अविस्मरणीय भी। हर कोई जानता है कि प्रदेश और देश में हमारी प्रतिभा और कौशल को पूरा सम्मान मिलता है। अब उत्तराखंड के युवाओं खासकर बेटियों की प्रतिभा के सामने अन्य देश भी नतमस्तक हो रहे हैं। देवभूमि उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर की एक और प्रतिभावान बेटी आँचल जोशी ने अपना नाम गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवा लिया है। कत्थक नृत्यांगना आँचल जोशी ने हाल ही में मध्य प्रदेश में आयोजित कत्थक महासम्मेलन में अपनी कला का शानदार प्रदर्शन कर यह स्थान प्राप्त किया है और उत्तराखंड का मान-सम्मान विश्वपटल पर बढ़ाया है।

हल्द्वानी की आँचल जोशी बचपन से ही पारम्परिक नृत्य कला कत्थक में प्रतिभाग करती रही हैं। आँचल ने हल्द्वानी की नूपुर नृत्य कला केंद्र से कत्थक में अपनी प्राथमिक शिक्षा प्राप्त की। कत्थक की बारीकियों और अन्य विशेषताओं को समझने के लिए आँचल ने दिल्ली कत्थक केंद्र से पंडित जयकिशन महाराज के सानिध्य में 5 वर्षों तक प्रमाणित अभ्यास कर उच्च शिक्षा प्राप्त की। आँचल का कहना है कि कत्थक के प्रति उनकी रुचि और कत्थक सीखने की प्रेरणा उन्हें अपने परिवारजनों से ही मिली है। आपको बता दें कि आँचल के परिवार द्वारा भी एक नृत्य संस्था की स्थापना की गई है जिसे आँचल ने अपना मुख्य प्रेरणास्रोत बताया है। 20 फरवरी को मध्यप्रदेश के खजुराहो नृत्य समारोह की 50वीं स्वर्ण जयंती में 1500 अन्य कत्थक नृतकों के साथ प्रतिभाग कर आँचल ने अपना नाम गिनीज बुक और वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया है।

आपको बता दें कि इससे पहले आँचल को 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के दिन दिल्ली में कत्थक नृत्य कला का प्रदर्शन करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू भी सम्मानित कर चुके हैं। आँचल ने भारत के विभिन्न राज्यों में अपने कला का प्रदर्शन कर सभी की सराहना और सम्मान प्राप्त किया है। आँचल द्वारा विश्वपटल पर राज्य और क्षेत्र का नाम रोशन किए जाने से उनके परिवारजन आनंदित हैं और भविष्य में भी अपनी बेटी के जीवन में हर उपलब्धि और सफलता के आने की कामना भी करते हैं।

To Top