
Ankita Bhandari Case : Urmila Sanawar : Swami Avimukteshwaranand : अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में सियासत लगातार गरमा रही है। इस बीच मामले में कथित ऑडियो को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर कनखल स्थित शंकराचार्य मठ पहुंचीं। यहां उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की और अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई से जुड़ी तमाम बातें उनके सामने रखीं। मुलाकात के दौरान शंकराचार्य ने भी अंकिता और उसके माता-पिता को अब तक न्याय नहीं मिलने पर प्रदेश सरकार को घेरा।

उर्मिला सनावर ने शंकराचार्य को कहा कि अंकिता के लिए आवाज उठाने की कीमत उन्हें मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना के रूप में चुकानी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में बोलने के कारण उन्हें जेल तक जाना पड़ा। उर्मिला ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी लोग उन्हें दबाव में लाकर पीछे हटाना चाहते थे…लेकिन वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।
उन्होंने कहा कि अब वह चंडी बन चुकी हैं और अन्याय के खिलाफ पीछे हटने वाली नहीं हैं। उर्मिला ने आरोप लगाया कि जिस समय उनका नार्को टेस्ट होना था उसी दौरान उनके खिलाफ पांच करोड़ रुपये की रंगदारी का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
उर्मिला सनावर ने जेल में इलाज के दौरान भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बुखार आने पर दवा देने के नाम पर उनका खून निकाला गया और इंजेक्शन लगाया गया। उन्होंने आशंका जताई कि नार्को टेस्ट से पहले उनकी हत्या भी हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
वहीं शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अंकिता भंडारी और उसके माता-पिता को अब तक न्याय नहीं मिलने को प्रदेश सरकार की बड़ी विफलता बताया। उन्होंने कहा कि मामले में जिस प्रभावशाली व्यक्ति का नाम सामने आया था उसे बड़े संवैधानिक पद पर पहुंचाए जाने से प्रदेश की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।
शंकराचार्य ने कहा कि उर्मिला सनावर एक बेटी को न्याय दिलाने की भावना से सामने आई थीं, लेकिन उन्हें भी प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय की इस लड़ाई में उर्मिला अकेली नहीं हैं। सरकार को जनता की नाराजगी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अंकिता और उसके परिवार को न्याय मिलना जरूरी है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में भी लगातार बयानबाजी हो रही है। कांग्रेस इस मामले को लेकर बीजेपी पर हमलावर है…जबकि बीजेपी भी कांग्रेस पर पलटवार कर रही है। ऐसे में उर्मिला सनावर की शंकराचार्य से मुलाकात के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।





