Dehradun News

उत्तराखंड: गनर बदला तो भड़के हरीश धामी, राज्यपाल को लिखी चिट्ठी

Ad

Uttarakhand Politics : Harish Dhami : Congress : उत्तराखंड में कांग्रेस विधायक हरीश धामी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच सियासी टकराव अब सुरक्षा के मुद्दे तक पहुंच गया है। धारचूला विधायक ने राज्यपाल को पत्र भेजकर अपनी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि पहले से तैनात गनर को हटाकर दूसरे गनर की नियुक्ति करना उनकी सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है। उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक पुराने गनर को वापस नहीं लगाया जाता….उन्हें नई सुरक्षा की जरूरत नहीं है।

ADVERTISEMENTS Ad

हरीश धामी ने राज्यपाल को भेजे पत्र में कहा है कि वह लगातार सरकार के कामकाज और मुख्यमंत्री से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को जनता के सामने उठा रहे हैं। इसी बीच उनकी सुरक्षा में बदलाव किया गया है। विधायक ने इस फैसले के पीछे सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया है कि नए गनर की तैनाती के पीछे उनकी गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी सरकार तक पहुंचाने का मकसद हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह उनकी निगरानी की जा सकती है…और मौका मिलने पर उन्हें नुकसान पहुंचाया जा सकता है। पत्र में उन्होंने अपनी हत्या की आशंका भी जाहिर की है।

विधायक ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर उनके पुराने गनर को फिर से सुरक्षा में तैनात कराया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने गनर की वापसी नहीं होने पर वह नया गनर नहीं रखना चाहते। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था से उनकी निजता भी प्रभावित हो रही है।

हरीश धामी ने अपने पत्र में चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उनकी हत्या होती है…तो इसके लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इस मामले को उठाते हुए कहा कि जनता के अधिकारों की बात करना कोई अपराध नहीं है। एक जनप्रतिनिधि का काम क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और जनता के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर पहले जैसी सुरक्षा व्यवस्था बहाल कराने की अपील की है।

हरीश धामी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच तल्खी की वजह 14 नवंबर को जौलजीबी मेले में हुआ विवाद भी माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मेले का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम में मेला समिति के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हरीश धामी को संबोधन का अवसर नहीं मिला। विधायक ने इस पर नाराजगी जताई थी।

बाद में कार्यक्रम स्थल पर हंगामा हुआ। विधायक ने मंच पर माइक फेंक दिया और साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ उनकी बहस भी हुई। इस घटना के बाद पुलिस ने विधायक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया था…जिन्हें बाद में जमानत मिल गई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top