
Gujarat Accident : Uttarakhand : Army Family : गुजरात के कच्छ से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां सड़क हादसे में उत्तराखंड के एक सैनिक परिवार के सात सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। परिवार दिवाली की छुट्टियों में उत्तराखंड से गुजरात घूमने पहुंचा था।

यह दर्दनाक हादसा 21 नवंबर की रात खावड़ा-भुज हाईवे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद कार से भुज लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सातों लोगों की मौत हो गई।
इस दुर्घटना में एक दंपती और उनकी महज तीन महीने की बच्ची की भी जान चली गई। मृतकों में सात साल की एक बच्ची भी शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को जानकारी दी। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भुज के जीके जनरल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी में मृतक परिवार के सेना से जुड़े होने की बात सामने आई है। हादसे की खबर मिलते ही सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे में क्षतिग्रस्त कार की नंबर प्लेट पर UK07 लिखा दिखाई दिया है। इसी आधार पर परिवार के उत्तराखंड से होने की जानकारी सामने आई। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट में परिवार के देहरादून का निवासी होने की आशंका जताई गई थी…^जिसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत देने की प्रार्थना की।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
सौरव सिंह जसपाल सिंह नेगी (32 वर्ष)
सविता सौरव सिंह नेगी
सिविका सौरव सिंह नेगी (3 महीने)
रिंकी नितिन गुसाईं
वामिका नितिन गुसाईं
राजेश सिंह रावत
रक्षिता राजेश रावत (7 वर्ष)





