Pithoragarh News

भारत-नेपाल के नए पुल पर लगेगा टैक्स, नेपाली वाहन चालकों को मिलेगी छूट!

Ad

Pithoragarh : Charchhum Bridge : India Nepal Border : भारत और नेपाल के बीच काली नदी पर बने छारछुम मोटर पुल के शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवाजाही आसान हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिन पहले इस पुल का शुभारंभ किया था। इसके बाद दोनों देशों के नागरिक अपने वाहनों से एक-दूसरे के क्षेत्र में आने-जाने लगे हैं। हालांकि नेपाल जाने वाले भारतीय वाहन चालकों को आने वाले समय में इसके लिए भंसार शुल्क चुकाना होगा।

ADVERTISEMENTS Ad

नेपाल प्रशासन ने छारछुम पुल के पास भंसार कार्यालय स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए असीगाड़ क्षेत्र में जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। कार्यालय बनने के बाद नेपाल में प्रवेश करने वाले भारतीय वाहनों पर शुल्क व्यवस्था लागू की जाएगी।

चंपावत के बनबसा क्षेत्र में नेपाल जाने वाले भारतीय वाहन चालकों को 600 रुपये भंसार शुल्क देना पड़ता है। वहीं नेपाल से भारत आने वाले नेपाली वाहनों को इस तरह का प्रवेश शुल्क नहीं देना होता। छारछुम पुल पर भी इसी तर्ज पर व्यवस्था लागू होने की संभावना है।

नेपाल के दार्चूला में सहायक जिलाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि भंसार कार्यालय और सुरक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। दोनों देशों की सहमति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

छारछुम मोटर पुल खुलने से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार और परिवहन को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। अब तक भारी सामान, राशन और निर्माण सामग्री की आवाजाही के लिए लोगों को कठिन रास्तों और सीमित संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। पुल से वाहनों की सीधी आवाजाही होने पर समय और माल ढुलाई की लागत कम हो सकती है।

भारत और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से पारिवारिक और वैवाहिक रिश्ते जुड़े हुए हैं। अब तक शादी-ब्याह के दौरान दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजनों को झूला पुल से पैदल आवाजाही करनी पड़ती थी। मोटर पुल शुरू होने से अब वाहन सीधे एक-दूसरे के घर तक पहुंच सकेंगे। इससे पारिवारिक मेल-मिलाप भी पहले के मुकाबले आसान होगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top