
Haldwani News : Uttarakhand Roadways : Bus Fare : उत्तराखंड रोडवेज की बसों से सफर करने वाले यात्रियों को मंगलवार को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ी। गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले के मुख्य स्नान के चलते लगे जाम ने बसों की रफ्तार रोक दी। दिल्ली से हल्द्वानी लौटने वाली बसें दो से तीन घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं रूट डायवर्ट होने से सफर की दूरी बढ़ गई…जिसका अतिरिक्त किराया भी यात्रियों को अपनी जेब से चुकाना पड़ा।

गढ़मुक्तेश्वर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान था। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से सोमवार शाम से ही यातायात प्रभावित होने लगा था। पुलिस-प्रशासन ने जाम से बचने के लिए बड़े वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजना शुरू कर दिया। इसका असर दिल्ली, गुरुग्राम, हिसार, फरीदाबाद और जयपुर रूट पर चलने वाली रोडवेज बसों पर भी पड़ा।
बुलंदशहर समेत दूसरे रास्तों से होकर बसों को निकलना पड़ा। इससे एक तरफ का सफर करीब 50 किलोमीटर बढ़ गया। नतीजतन साधारण बसों में यात्रियों को 80 रुपये और वोल्वो बसों में 180 रुपये अतिरिक्त किराया देना पड़ा।
जाम और रूट डायवर्जन का असर हल्द्वानी डिपो की बसों पर भी देखने को मिला। दिल्ली से लौटने वाली कई बसें दो से तीन घंटे की देरी से हल्द्वानी पहुंचीं। एआरएम संजय पांडे ने बताया कि कुछ बसों को हल्द्वानी पहुंचने में करीब तीन घंटे अतिरिक्त लगे। इस अव्यवस्था के चलते परिवार के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
जाम का असर केवल हल्द्वानी डिपो तक सीमित नहीं रहा। नैनीताल रीजन के हल्द्वानी, काठगोदाम, भवाली, रुद्रपुर, रामनगर, काशीपुर, अल्मोड़ा, रानीखेत और बागेश्वर डिपो की करीब 80 बसें प्रभावित हुई।
जाम की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को हल्द्वानी-मेरठ रूट पर बस का संचालन बंद रहा। वहीं दो सीएनजी बसें भी दिल्ली नहीं भेजी गईं। इसके अलावा काठगोदाम डिपो की दोपहर वाली एसी बस में दिल्ली जाने के लिए 14 यात्रियों ने पहले से टिकट बुक कराया था…लेकिन बस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में यात्रियों को मजबूरी में साधारण बस से सफर करना पड़ा। एआरएम गणेश पंत ने बताया कि यात्रियों को एसी बस की बुकिंग का पैसा वापस किया जाएगा।





