
Harish Rawat : Congress News : Uttarakhand Politics : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत एक बार फिर आक्रामक अंदाज में नजर आए। रानीखेत के भतरौजखान में कांग्रेस की रैली और जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। हरदा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जब तक उत्तराखंड और केंद्र में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती…तब तक हरीश रावत बूढ़ा नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा के अहंकार के खिलाफ लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

भतरौजखान बाजार में कांग्रेस की रैली के बाद आयोजित जनसभा में हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के पूर्वजों ने तिरंगा उठाकर अंग्रेजों की सत्ता को चुनौती दी थी। उस समय अंग्रेजी हुकूमत का सूर्य कभी अस्त नहीं होने की बात कही जाती थी…लेकिन स्वतंत्रता सेनानियों ने हार नहीं मानी। अब एक बार फिर कार्यकर्ताओं को तिरंगा लेकर तैयार रहना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विरोधियों पर मुकदमे दर्ज करा सकती है और उन्हें जेल भेज सकती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो कांग्रेस कार्यकर्ता जेल में भी पूरे जोश के साथ खड़े मिलेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि अंकिता ने उत्तराखंड की अस्मिता के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी भी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं।
हरीश रावत ने भाजपा पर समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास ठोस मुद्दे नहीं हैं और वह धर्म के नाम पर लोगों के बीच विवाद पैदा करती है।
जनसभा में हरीश रावत ने पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का भी जिक्र किया। उन्होंने उन्हें जीत का आशीर्वाद देते हुए कहा कि चुनाव के बाद उन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाना चाहिए…जिन्हें भाजपा सरकार के दौरान उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में करन माहरा पर चुटकी भी ली। बोले कि करन ने अपने संबोधन में सब कुछ कहा…लेकिन उन्हें जीजा नहीं कहा।
हरीश रावत ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसके नाम पर महिलाओं का श्रृंगार तक महंगा हो गया है।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष अरुण रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक बिष्ट समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





