Pithoragarh News

मोदी-बालेन शाह ने किया छारछुम पुल का उद्घाटन, उत्तराखंड को बड़ा फायदा

Ad

India-Nepal Relations : Charchum Bridge : Uttarakhand News : भारत और नेपाल के बीच रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में उत्तराखंड में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसके साथ ही चंपावत के बनबसा में निर्मित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का भी लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से दोनों देशों के बीच व्यापार, परिवहन और सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS Ad

करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार छारछुम पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के छारछुम क्षेत्र को नेपाल के दार्चुला जिले के असिगड़ा क्षेत्र से जोड़ेगा। अब तक इस इलाके के लोगों को एक-दूसरे तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। कई यात्रियों और व्यापारियों को बनबसा के रास्ते करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता था। पुल शुरू होने से इस परेशानी से राहत मिलेगी और समय के साथ परिवहन खर्च भी बचेगा।

काली नदी पर बने इस पुल की लंबाई करीब 110 मीटर और चौड़ाई 10.5 मीटर है। इसमें 7.5 मीटर चौड़ा सड़क मार्ग बनाया गया है। भारत सरकार की वित्तीय सहायता से लोक निर्माण विभाग ने इसका निर्माण कराया है।

इस परियोजना को जनवरी 2022 में केंद्र सरकार से मंजूरी मिली थी। इसके बाद 1 फरवरी 2022 को भारत और नेपाल के बीच पुल निर्माण को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। दोनों देशों ने 19 सितंबर 2022 को संयुक्त रूप से इसका शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य अगस्त 2022 में शुरू हुआ और वर्ष 2024 में पुल का मुख्य ढांचा तैयार हो गया था।

छारछुम पुल शुरू होने से धारचूला, बलुवाकोट और आसपास के भारतीय सीमावर्ती इलाकों का नेपाल के दार्चुला और सुदूरपश्चिम प्रदेश से सीधा सड़क संपर्क मजबूत होगा। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इसके साथ ही कृषि उपज, स्थानीय उत्पादों और दूसरी व्यापारिक वस्तुओं की आवाजाही भी आसान होगी। नेपाली व्यापारियों को भारतीय बाजारों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी…वहीं भारतीय कारोबारियों के लिए नेपाल के बाजारों तक पहुंचना सरल होगा। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नेपाल के लोगों को पिथौरागढ़ आने-जाने में भी मदद मिलेगी।

उत्तराखंड में भारत-नेपाल सीमा पर बनबसा के बाद छारछुम दूसरा महत्वपूर्ण मोटर पुल है। इसे सीमावर्ती क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पुल से दोनों देशों के बीच पुराने व्यापारिक और सामाजिक संपर्क को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

नेपाल के दार्चुला जिले के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने पुल के उद्घाटन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से भारत और नेपाल दोनों देशों के लोगों को फायदा होगा। स्थानीय उत्पादों के प्रचार और बाजार तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने भारत सरकार और निर्माण कार्य से जुड़े सभी लोगों का आभार भी जताया।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन और बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का लोकार्पण दोनों देशों के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। उन्होंने बताया कि नेपाल की ओर दोधारा चांदनी में भी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के विकास कार्यों को गति दी जाएगी। इन प्रयासों से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों का आना-जाना पहले से आसान होगा।

बालेन शाह ने भारत-नेपाल के रिश्तों को साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से जुड़ा बताया। उन्होंने भगवान राम और माता सीता को दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था का प्रतीक बताया।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में हाल ही में आई अचानक बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

नेपाल के प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्तराखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। इस दौरान तांदी लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। कलाकार मंथन नेगी ने बताया कि यह उत्तराखंड का पारंपरिक लोक नृत्य है…जिसे जौनसारी गीत और नृत्य के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देकर कलाकारों को खुशी हुई।

छारछुम पुल और बनबसा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का लोकार्पण भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे न केवल आवागमन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा…बल्कि दोनों देशों के लोगों के आपसी संपर्क को भी नई मजबूती मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top