Dehradun News

उत्तराखंड में लेखा कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, मूल विभाग में वापसी की मांग

Ad

Uttarakhand News : Accounts Employees : Salary Discrepancy : उत्तराखंड में लेखा संवर्ग के कर्मचारियों ने एकीकरण के बाद हो रही उपेक्षा को लेकर नाराजगी जताई है। वेतन विसंगति, प्रमोशन, स्थायीकरण और एसीआर (वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि) से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। अब उत्तराखण्ड राजकीय विभाग लेखा संवर्ग संघ ने अपनी मांगों और समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने का फैसला किया है।

ADVERTISEMENTS Ad

संघ का कहना है कि अगर एकीकृत व्यवस्था में कर्मचारियों के हितों की रक्षा नहीं हो सकती तो सहायक लेखाकारों और लेखाकारों को उनके पुराने विभागों में वापस भेज दिया जाए।

लेखा संवर्ग संघ के प्रांतीय सचिव शिवम ओबराय, उपाध्यक्ष मुकेश बिष्ट, आशीष परमार और प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास यादव ने संयुक्त बयान जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि करीब दो साल पहले प्रदेश के सभी विभागों में तैनात सहायक लेखाकारों और लेखाकारों को एकीकृत कर निदेशालय विभागीय लेखा के अधीन कर दिया गया था।

संघ का आरोप है कि इस व्यवस्था को लागू करने के बाद कर्मचारियों के हित में कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। एकीकरण का फायदा मिलने के बजाय कर्मचारियों को केवल ट्रांसफर और प्रमोशन से जुड़ी व्यवस्था तक सीमित कर दिया गया है।

संघ ने वेतन विसंगति का मामला भी उठाया है। पदाधिकारियों का कहना है कि समान योग्यता और समान पद होने के बावजूद कर्मचारियों को अलग-अलग वेतनमान दिया जा रहा है। लंबे समय से इस अंतर को दूर करने और वेतनमान का उच्चीकरण करने की मांग की जा रही है…लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

संघ ने यह भी आरोप लगाया कि अन्य संवर्गों के अधिकारी अपने कर्मचारियों के हितों के लिए प्रयास करते हैं…लेकिन लेखा एवं वित्त अधिकारियों की ओर से इस मामले में जरूरी सहयोग नहीं मिल रहा है।

कर्मचारियों की एक बड़ी परेशानी स्थायीकरण को लेकर भी है। संघ के मुताबिक निदेशालय विभागीय लेखा ने कर्मचारियों के स्थायीकरण के लिए दो साल की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) मांगी है। लेकिन कई विभागों के वित्त अधिकारी एसीआर पूरी कराने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।

इस वजह से स्थायीकरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। संघ का आरोप है कि कुछ विभागों में निदेशालय के आदेशों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

इसके अलावा कई विभागों में लेखा संवर्ग के तकनीकी और मूल कार्य दूसरे संवर्गों के कर्मचारियों से कराए जा रहे हैं। संघ ने इसे वित्तीय अनुशासन और लेखा संवर्ग की गरिमा के खिलाफ बताया है।

लगातार मिल रही अनदेखी से नाराज लेखा संवर्ग संघ ने अब साफ कर दिया है कि अगर एकीकृत व्यवस्था में कर्मचारियों के हित सुरक्षित नहीं रह सकते, समय पर स्थायीकरण नहीं हो सकता और निदेशालय के आदेशों का पालन नहीं कराया जा सकता तो सहायक लेखाकारों और लेखाकारों को उनके पुराने विभागों में वापस भेज दिया जाए।

संघ ने शासन और निदेशालय विभागीय लेखा से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। साथ ही ऐलान किया है कि कर्मचारियों की इन समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top