
Uttarakhand News : CM Dhami : Women Welfare : उत्तराखंड में निराश्रित और एकल महिलाओं को अब नई पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने निराश्रित महिला भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना कर दिया है। इस बदलाव के बाद विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित अविवाहित महिलाएं इस योजना के नए नाम से जुड़ेंगी।

उत्तराखंड शासन के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्धांकी ने इस संबंध में निदेशक, समाज कल्याण उत्तराखंड को पत्र भेजकर जानकारी दी है। शासन की ओर से जारी निर्देशों में निराश्रित विधवा महिलाओं के भरण-पोषण अनुदान के साथ ही परित्यक्ता विवाहित महिलाओं और निराश्रित अविवाहित महिलाओं के लिए संचालित अनुदान योजना का नाम संशोधित किया गया है।
अब इन सभी श्रेणियों की महिलाओं के लिए संचालित योजना मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना के नाम से जानी जाएगी।
राज्य सरकार का कहना है कि योजना का नाम बदलने का उद्देश्य एकल महिलाओं को सम्मानजनक पहचान देना और उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम करना है। सरकार ने इसे एकल महिलाओं के सम्मान और आर्थिक संबल से जुड़ा कदम बताया है।





