
Uttarakhand News: CM Dhami : Infrastructure Projects : उत्तराखंड में हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के विकास कार्यों में तेजी लाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की पांचवीं बैठक में राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने और जिन परियोजनाओं की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है उन्हें जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले एक महीने के भीतर कुछ परियोजनाओं के काम जमीन पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय संबंधित क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व का विशेष ध्यान रखा जाए। इससे पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकेंगे।
बैठक में बताया गया कि हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं फिलहाल क्रियान्वयन के चरण में हैं।
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 495 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत और हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है।
मां मनसा देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 55 प्रतिशत और मां चंडी देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इन सभी कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा हुआ है…जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाना है।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। जानकी झूला के पास एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण कराया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग से जुड़ी सुविधाओं और पर्यटकों के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का भी विकास किया जा रहा है।
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के लिए 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
इसके अलावा 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिसका 30 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। वहीं, 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों कॉरिडोर परियोजनाओं से 21 हजार से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार और 45 हजार से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके साथ ही श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में करीब 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन) विकसित करने की योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बैठक में साहसिक पर्यटन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने, निजी निवेश बढ़ाने और परियोजनाओं की नियमित निगरानी से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।7





