Nainital-Haldwani News

दस घंटे की मेहनत के बाद हल्द्वानी रामपुर रोड से पकड़ा गया गुलदार, वन कर्मियों के छूटे पसीने

Ad

हल्द्वानी: दस घंटे की कड़ी मेहनत, तीन वनकर्मियों को चोट और भारी दहशत के बाद रामपुर रोड के ग्रामीण इलाकों में गश्त मार रहा गुलदार आखिर पकड़ा गया है। सोमवार सुबह से शाम तक आनंदपुर गांव के ग्रामीण डरे हुए थे। लेकिन वन कर्मी भी गुलदार को पकड़ने में जुटे हुए थे। बाद में गुलदार के गुल में जाने पर उसे ट्रेंकुलाइज किया गया। बता दें कि नर गुलदार को रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

गौरतलब है कि बीते दिन हरिपुर कुंवर गांव की एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें गुलदार सड़क पार करता दिख रहा था। इस वीडियो में लोग भागते हुए दिख रहे थे। अब सोमवार सुबह गुलदार के आनंदपुर ग्राम पंचायत के धनपुरी गांव में होने की सूचना मिली तो वनकर्मी मौके पर पहुंचे। होमगार्ड बहादुर सिंह खेत में गुलदार की पहचान करने गए तो गुलदार ने उनपर हमला कर दिया।

इसके बाद एकदम से लोगों में भगदड़ मच गई। फिर रेंजर तनुजा परिहार अपनी टीम लेकर मौके पर आईं और गुलदार को पकड़ने के लिए बरहैनी रेंज के स्टाफ ने भी काफी सहयोग किया। इस दौरान गुलदार की दहशत, उसे पकड़ने की जल्दी और भीड़ को नियंत्रण में रखने में कर्मियों के पसीने छूट गए। इस दौरान गुलदार ने फॉरेस्टर विपिन पलड़िया और फॉरेस्ट गार्ड हरेंद्र को भी घायल कर दिया।

हालांकि शाम छह बजे गूल में घुसने पर गुलदार को ट्रेंकुलाइज गन की मदद से बेहोश कर दिया गया। बता दें कि इस दौरान वन विभाग की टीम में हल्द्वानी रेंजर उमेश आर्य समेत कई कर्मी मौजूद थे। इसके बाद गुलदार को रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया। तब कहीं जाकर गांव वालों और वन कर्मियों ने राहत की सांस ली।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top