
Politics : Yuzvendra Chahal : BJP : भारतीय क्रिकेट में अपनी फिरकी से पहचान बनाने वाले युजवेंद्र चहल अब राजनीति में भी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। शनिवार को बीजेपी की ओर से संगठन में किए गए नए बदलावों के दौरान चहल को यह जिम्मेदारी दी गई।

पार्टी में शामिल होने के बाद चहल ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य के प्रति आभार जताया।
चहल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बीजेपी परिवार में उन्हें स्थान और सम्मान देने के लिए वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से धन्यवाद करते हैं।
बीजेपी ने संगठन को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में कई पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद, महाराष्ट्र के बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा और बिहार के अर्जुन साहनी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद माधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को जिम्मेदारी मिली है।
वहीं गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडगांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा मोर्चा में 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भी बनाए गए हैं। बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं। ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने बताया कि नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
23 जुलाई 1990 को हरियाणा के जींद में जन्मे युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट के चर्चित लेग स्पिनरों में शामिल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। भारतीय टीम की ओर से उन्होंने 72 वनडे और 80 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
चहल टी-20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज भी हैं। क्रिकेट में करियर बनाने से पहले उनकी रुचि शतरंज में थी और वह प्रतिस्पर्धी स्तर पर शतरंज खेल चुके हैं।
घरेलू क्रिकेट में चहल हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके अलावा इंग्लैंड में केंट और नॉर्थम्पटनशायर की तरफ से काउंटी क्रिकेट भी खेल चुके हैं। वह 2018 एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे थे।





