
SyedMushtaqAliTrophy : Aryan Juyal : Uttarakhand : उत्तराखंड के हल्द्वानी के युवा क्रिकेटर आर्यन जुयाल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी बल्लेबाजी से एक बार फिर सबका ध्यान खींचा है। विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन ने महज 28 गेंदों में नाबाद 64 रन की तूफानी पारी खेलकर उत्तर प्रदेश की जीत में अहम योगदान दिया। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत यूपी ने चंडीगढ़ को 30 रन से हरा दिया।

ग्रुप-ए के इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 190 रन बनाए। आर्यन जुयाल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 28 गेंदों पर नाबाद 64 रन जड़ दिए। उनकी पारी में सात चौके और चार छक्के शामिल रहे। आर्यन की इस पारी ने उत्तर प्रदेश को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी। इस तरह उत्तर प्रदेश ने 30 रन से मुकाबला जीत लिया।
यूपी की इस जीत में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए। भुवनेश्वर ने पहले मनन वोहरा को 12 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद 19वें ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार दो विकेट लेकर चंडीगढ़ की वापसी की उम्मीदों को झटका दिया। उन्होंने भागमेंदर लाठेर और चिरागवीर ढींढसा को पवेलियन भेजा।
इस जीत के साथ उत्तर प्रदेश ने टूर्नामेंट में चार मुकाबलों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। टीम आठ अंकों के साथ ग्रुप की अंकतालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं चंडीगढ़ आठ टीमों के इस ग्रुप में सातवें पायदान पर है।
हल्द्वानी के आर्यन जुयाल की इस पारी ने एक बार फिर उनकी बल्लेबाजी क्षमता को साबित किया है। 28 गेंदों में 64 रन की नाबाद पारी खेलकर उन्होंने उत्तर प्रदेश की जीत को यादगार बनाने में अहम भूमिका निभाई।





