
Pithoragarh News : Vinit Singh Daseela : Indian Army : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग निवासी विनीत सिंह डसीला ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय सेना में सिपाही के रूप में देशसेवा शुरू करने वाले विनीत ने अब अधिकारी बनने की दिशा में एक अहम मुकाम हासिल किया है। उन्होंने आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) की चयन प्रक्रिया में ऑल इंडिया स्तर पर तीसरी रैंक प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से बेरीनाग क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

विनीत सिंह डसीला वर्ष 2021 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उन्हें 4 कुमाऊं रेजिमेंट में सेवा देने का अवसर मिला। सेना में रहते हुए उन्होंने अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का सपना देखा और इसकी तैयारी में जुट गए।
लगातार मेहनत के बाद उन्होंने भोपाल स्थित सर्विसेज सिलेक्शन सेंटर में आयोजित सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (SSB) की चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पूरे देश में तीसरी रैंक हासिल की। अब उनका चयन आर्मी कैडेट कॉलेज की ट्रेनिंग के लिए हुआ है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनका लक्ष्य भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशंड ऑफिसर बनना है।
विनीत ने शुरुआती शिक्षा बेरीनाग के गुरुकुल पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हिमालया इंटर कॉलेज चौकोड़ी से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की शिक्षा के लिए उन्होंने नैनीताल में बीएससी में प्रवेश लिया था। इसी दौरान उनका चयन भारतीय सेना में हो गया और उन्होंने सेना में सेवाएं देना शुरू कर दिया।
विनीत के परिवार का सेना से पुराना नाता रहा है। उनके दादा स्वर्गीय मानद सूबेदार दान सिंह डसीला 6 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात रहकर देश की सेवा कर चुके हैं। उनके पिता ठाकुर सिंह डसीला राजकीय जूनियर हाईस्कूल सेलीपख में शिक्षक हैं….जबकि माता निर्मला डसीला गृहिणी हैं।
विनीत का मूल गांव रुंगड़ी (कोली), गणाई गंगोली में है। वर्तमान में उनका परिवार बेरीनाग में डिग्री कॉलेज के पास रहता है।
विनीत की यह उपलब्धि इसलिए खास है…क्योंकि उन्होंने सेना में सिपाही के रूप में करियर शुरू करने के बाद अधिकारी बनने की दिशा में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि सेना में भर्ती होने के बाद भी आगे बढ़ने और अधिकारी बनने के रास्ते खुले हैं। उनकी इस कामयाबी पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है।





