Nainital-Haldwani News

रणजी ट्रॉफी में हल्द्वानी के सौरभ रावत और दिक्षांशु नेगी ने जड़ा अर्धशतक

Ad

हल्द्वानी: रणजी ट्रॉफी में उत्तराखण्ड अभी भी विजय से दूर है। छत्तीसगढ़ के खिलाफ दूसरे मुकाबले में उसे पारी और 65 रनों से हार का सामना करना पड़ा। एक बार फिर खराब बल्लेबाजी टीम की हार का कारण बनी। वहीं छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 520 रन बना डाले और उत्तराखण्ड पर 400 रनों की लीड हासिल कर ली। दूसरी पारी में उत्तराखण्ड के बल्लेबाजों को शुरुआत तो मिली लेकिन उसे वह बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। दूसरी पारी में उत्तराखऩण्ड के लिए चौथे विकेट के लिए दिक्षांशु नेगी और सौरभ रावत ने 92 रन जोड़े।

दोनों ही बल्लेबाज अच्छी लय में लग रहे थे लेकिन नेगी को 69 रनों पर ओनकर वर्मा ने आउट कर उत्तराखण्ड की उम्मीदों को भी धूमिल कर कर दिया। दिक्षांशु इस सीजन अच्छे फॉर्म में नजर आए हैं और अब तक दो फिफ्टी जमा चुके हैं। दूसरी ओर सौरभ रावत ने 61 रन बनाए। सौरभ लंच के बाद अजय मंडल का शिकार हुए।

दूसरी पारी में उत्तराखण्ड के सभी बल्लेबाजों को शुरुआत मिली थी। सौरभ और दिक्षांशु के अलावा तन्मय श्रीवास्तव 58, उन्मुक्त चंद 24, अवनीश सुधा 37 और करणवीर कौशल ने 36 रन बनाए। सभी खिलाड़ियों को शुरुआत मिली थी और यह स्कोर अगर बड़े स्कोर में तब्दील होता तो उत्तराखण्ड इस मैच को बचा सकता था।

छत्तीसगढ़ के खिलाफ दूसरी पारी में उत्तराखण्ड के बल्लेबाजों के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला है। फैंस अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश है। खेल पत्रकार सौरभ कांडपाल का कहना है कि टीम नई है और घरेलू क्रिकेट में जाते ही आप चमत्कार नहीं कर सकते हैं। उत्तराखण्ड की टीम अभी घरेलू क्रिकेट में अपने पांव जमा रही है और अगर वो हर वक्त सीखने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे तो जरूर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। पहले मैच में टीम 200 का आंकड़ा भी नहीं छू पाई थी लेकिन यहां उसने 300 रन बनाए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top