Sports News

हल्द्वानी के बच्चों की घरेलू क्रिकेट में चमक, युवा गर्वित और सीनियर पीयूष ने किया कमाल

Ad

हल्द्वानी: घरेलू क्रिकेट सीजन की शुरुआत हो गई है। जूनियर वर्ग के कुछ मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हुए तो वही सीनियर उत्तराखंड टीम ने जीत के साथ सीजन की शुरुआत की। महिला अंडर-19 टीम और सीनियर टीम के प्रदर्शन पर भी सभी की नजर है। घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में हल्द्वानी के युवा हर बार अपनी छाप छोड़ते हैं। 2022-2023 सीजन में भी ऐसा हुआ है। अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में गर्वित अधिकारी ने गेंद से तो वहीं सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पीयूष जोशी ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया।

ADVERTISEMENTS Ad

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पीयूष जोशी

मध्य प्रदेश के साथ खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड को 50 रनों से जीत मिली। पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड क्रिकेट टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए। पीयूष जोशी ने 39 गेंदों में 56 रनों की शानदार पारी खेली। उनके बल्ले से 2 छक्के और 4 चौके में निकले। इसके अलावा कुणाल चंदेला ने 24 गेंदों में नाबाद 59 रनों की पारी खेली जिसमें 4 छक्के और 5 चौके शामिल थे।

लक्ष्य पीछा करने उतरी मध्यप्रदेश की शुरुआत खराब रही और उत्तराखंड के गेंदबाजों ने उन्हें वापसी का मौका ही नहीं दिया। पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 144 रन ही बना सकी। उत्तराखंड के लिए गेंदबाजी में राजन ने तीन और सत्यम बालियान ने 2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा अवनीश सुधा को भी 2 विकेट मिले। टूर्नामेंट में उत्तराखंड की यह दूसरी जीत है।

वीनू मांकड़ ट्रॉफी में गर्वित अधिकारी

वीनू मांकड ट्रॉफी में भी उत्तराखंड अंडर-19 टीम को जीत मिली है। झारखंड के खिलाफ उत्तराखंड को 7 विकेट से जीत मिली। पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम 32.4 ओवर में 108 रन ही बना सकी। उत्तराखंड की ओर से गेंदबाजी में गर्वित अधिकारी ने 16 गेंदों में 4 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा डीपी सिंह को तीन विकेट मिले। लक्ष्य पीछा करने उतरी उत्तराखंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी लेकिन सलामी बल्लेबाज हर्ष राणा ने एक छोर संभाले रखा और 63 रन बनाकर टीम को 7 विकेट से जीत दिला दी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top