
Assam Woman Case : Harak Singh Rawat : Uttarakhand Politics : उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 साल पुराने असम महिला प्रकरण ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। असम के गुवाहाटी में एक महिला की शिकायत पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के खिलाफ 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने साल 2002-03 की घटनाओं को लेकर यौन शोषण, जबरन बंधक बनाने, गर्भावस्था के दौरान प्रताड़ित करने और साक्ष्य मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। गुवाहाटी महिला थाने की इंस्पेक्टर ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।

महिला की शिकायत के बाद करीब दो दशक से ज्यादा पुराने इस मामले में एक बार फिर जांच और कार्रवाई का रास्ता खुल गया है। महिला ने पुराने जांच रिकॉर्ड की दोबारा पड़ताल कराने के साथ डीएनए जांच की भी मांग की है।
शिकायत में महिला ने कहा है कि कथित घटनाओं के समय उसकी उम्र करीब 16 साल थी। वह देहरादून के यमुना कॉलोनी इलाके में बस अड्डे के पास एक एसटीडी बूथ पर काम करती थी। आरोप है कि नौकरी दिलाने का भरोसा देकर एक राजनीतिक कार्यकर्ता उसे यमुना कॉलोनी स्थित तत्कालीन मंत्री के सरकारी आवास पर ले गया था।
महिला का आरोप है कि इसके बाद उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन वहां रखा गया। इस दौरान उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। शिकायत में मसूरी समेत अलग-अलग जगहों के होटलों में ले जाने का भी जिक्र किया गया है। महिला ने गर्भवती होने के बाद नारी निकेतन में रखे जाने का आरोप भी लगाया है।
महिला ने अपनी शिकायत में वर्ष 2016 की एक घटना का भी उल्लेख किया है। उसका दावा है कि उस दौरान हरक सिंह रावत के करीबी बताए जाने वाला एक व्यक्ति उससे मिलने पहुंचा था। महिला ने 9 नवंबर 2026 को हुई प्रेस वार्ता के संदर्भ में उस व्यक्ति की पहचान किए जाने की बात भी कही है।
महिला ने मामले की जांच को लेकर कई मांगें रखी हैं। उसने अपने और अपने बेटे के बयान असमिया अनुवादक की मदद से मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने की मांग की है। साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने का अनुरोध किया है।
महिला ने हरक सिंह रावत, स्वयं और अपने बेटे का न्यायालय की निगरानी में डीएनए परीक्षण कराने की मांग भी की है। इसके अलावा पुराने जांच रिकॉर्ड जब्त कर उनकी दोबारा जांच कराने की मांग उठाई है।
गुवाहाटी के महिला थाने की इंस्पेक्टर ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर 21 धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि असम महिला प्रकरण वर्ष 2003 में भी काफी चर्चा में रहा था। उस समय हरक सिंह रावत को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। मामले की सीबीआई जांच कराई गई थी। उस समय डीएनए रिपोर्ट में मेल नहीं मिलने के बाद उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी।





