Nainital-Haldwani News

रामनगर की बेटी मानसी बिष्ट का नेशनल गेम्स के लिए चयन, उत्तराखंड की ओर से फेंकेंगी भाला

Ad

Ram Nagar : Uttarakhand : Mansi Bisht : उत्तराखंड की बेटियां खेल के मैदान में लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में रामनगर की मानसी बिष्ट ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाई है। राजकीय इंटर कॉलेज क्यारी की कक्षा 12वीं की छात्रा मानसी का चयन 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाला फेंक स्पर्धा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

ADVERTISEMENTS Ad

मानसी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचने का सफर राज्य स्तरीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के दम पर तय किया है। रुद्रपुर के मनोज सरकार स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग में उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया था। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।

मानसी की इस सफलता से उनके गांव क्यारी सहित पूरे रामनगर क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। मानसी के पिता हीरा सिंह बिष्ट और माता किरन बिष्ट गांव में स्वरोजगार करते हैं।

मानसी की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश चंद्र खैरी, खेल शिक्षक गोविंद माधव, अशेष अग्रवाल, अमित चौधरी, प्रकाश पपनोई समेत सभी शिक्षकों और ग्राम प्रधान नवीन सती ने उन्हें बधाई दी। शुभकामनाओं के साथ मानसी को देहरादून से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए रवाना किया गया।

अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मानसी के प्रदर्शन पर रामनगरवासियों की नजरें टिकी हैं। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उत्तराखंड के लिए पदक जीतने में सफल रहेंगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top