
Kotdwar Accident : Uttarakhand News : Road Mishap : उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव लौट रही कार अचानक गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि इसमें सात लोगों की मौत की सूचना है…जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि कार में कुल 11 लोग सवार थे। वाहन अनिल देवराड़ा का था और वही इसे चला रहे थे। सभी लोग रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव की ओर जा रहे थे। गांव से कुछ दूरी पहले ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार खाई में गिर गई।
हादसे को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक वाहन में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हुई थीं। वे दीदी-भुलि योजना के फॉर्म भरने के सिलसिले में रिखणीखाल गई थीं। काम पूरा होने के बाद सभी वापस गांव लौट रही थीं…तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
हादसे की जानकारी मिलने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। खाई में गिरे वाहन से लोगों को बाहर निकालने के साथ घायलों को सहायता पहुंचाई गई। फिलहाल सात लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है।





