National News

राजस्थान चुनाव: भाजपा की 5वीं लिस्ट जारी, पायलट के खिलाफ यूनुस खान को उतारा

Ad

नई दिल्ली। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। भाजपा से राज्य मंत्री यूनुस खान को पार्टी ने कांग्रेस के राजस्थान अध्यक्ष सचिन पायलट के सामने टोंक से टिकट दिया है। यूनुस खान इस सीट पर पार्टी के पूर्व घोषित उम्मीदवार अजीत सिंह मेहता का स्थान लेंगे। ऐसे में अब इस सीट पर भी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बता दें कि रविवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी चौथी सूची जारी कर दी थी। अपनी चौथी सूची में पार्टी ने 24 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।

ADVERTISEMENTS Ad

भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी पांचवी सूची के अनुसार, यूनुस खान के अलावा कोटपुतली से मुकेश गोयल, बहरोड़ से मोहित यादव, करौली से ओ पी सैनी, केकड़ी से राजेन्द्र विनायक, डीडवाना से जितेन्द्र सिंह जोधा, खींवसर से रामचन्द्र उत्ता और खैरवाड़ा से नानालाल आहरी को उम्मीदवार बनाया गया है।

इससे पहले भाजपा ने शनिवार को भी 8 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। जिसमें सवाई माधोपुर से विधायक दीया कुमारी की जगह आशा कुमारी मीणा को टिकट दिया गया है। हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाले रामकिशोर सैनी को बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

मालूम हो कि भाजपा की पहली सूची में 131 और दूसरी सूची में 31 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। इसके बाद पार्टी ने शनिवार को 8 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया था। झालरापाटन के मैदान में वसुंधरा राजे और मानवेंद्र सिंह आमने-सामने होंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top