Chamoli News

जोशीमठ से सिलिकॉन वैली तक पहुंचीं प्रेक्षा, अब हार्वर्ड में छपेगा उनका AI पर आलेख

Ad

PrekshaKaprawan : ArtificialIntelligence : Uttarakhand : उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ की बेटी प्रेक्षा कपरवाण ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा के क्षेत्र में काम कर रहीं प्रेक्षा का आलेख दुनिया के प्रतिष्ठित प्रकाशन ‘हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू’ में प्रकाशित होने जा रहा है। पहाड़ के एक छोटे से कस्बे से निकलकर सिलिकॉन वैली तक पहुंचने और अब वैश्विक बिजनेस मंच पर अपने विचार रखने का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad

प्रेक्षा मूल रूप से पैनखंडा-ज्योतिर्मठ के औली रोड स्थित चोडारी गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता प्रबोध कपरवाण और माता प्रभा कपरवाण हैं। प्रेक्षा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई ज्योति विद्यालय में नर्सरी तक की। इसके बाद उन्होंने अन्य स्थानों से शिक्षा हासिल की।

प्रेक्षा का करियर भी काफी अलग रहा है। उन्होंने अपने पेशेवर सफर की शुरुआत एक पांच सितारा होटल में सूस शेफ के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में कदम रखा। अपनी मेहनत और लगन के दम पर वह सिलिकॉन वैली तक पहुंचीं और अब AI व डेटा जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में काम कर रही हैं।

हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू में प्रकाशित होने वाले उनके आलेख में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा के बदलते स्वरूप के साथ कारोबार की दुनिया पर इनके प्रभावों को लेकर विचार रखे जाएंगे। यह प्रकाशन हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से जुड़ा है और बिजनेस, मैनेजमेंट व नेतृत्व से जुड़े विषयों पर दुनिया भर में पढ़ा जाता है।

प्रेक्षा की यह उपलब्धि न केवल ज्योतिर्मठ और पैनखंडा क्षेत्र, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। पहाड़ से निकलकर अंतरराष्ट्रीय तकनीकी और कारोबारी मंच तक पहुंचने की उनकी यात्रा दिखाती है कि मेहनत और नए क्षेत्रों में सीखने की ललक से युवा वैश्विक स्तर पर अपनी जगह बना सकते हैं। हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू में उनके आलेख का लिंक जारी होने के बाद इसकी विषयवस्तु और प्रमुख विचारों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top