CM Corner

पवाणी गांव पहुंचे CM धामी, अग्निकांड पीड़ितों को 5 लाख देने के साथ किया ये बड़ा ऐलान

Ad

Uttarkashi : Pawani Village : CM Dhami : आग की लपटों में अपना सब कुछ गंवा चुके पवाणी गांव के परिवारों को अब दोबारा जिंदगी शुरू करने की उम्मीद जगी है। भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को गांव पहुंचे और प्रभावितों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आग से प्रभावित प्रत्येक परिवार को नया मकान बनाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जब तक घर तैयार नहीं होते…तब तक परिवारों के रहने के लिए किराये की व्यवस्था भी सरकार करेगी।

ADVERTISEMENTS Ad

मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए अग्निकांड ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है। मुख्यमंत्री ने गांव में प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियां जानीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत पहुंचाने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए। खास तौर पर आने वाली बर्फबारी को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित बच्चों की पढ़ाई जारी रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए गांव में स्कूल की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सर्दियों के दौरान परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो…इसके लिए पर्याप्त राशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार गांव को दोबारा बसाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने अपनी बुनियादी जरूरतों से जुड़ी मांगें भी रखीं। लोगों ने गांव में पानी के टैंकर की व्यवस्था करने, आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों के लिए हेलीपैड बनाने तथा मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए नया टावर लगाने की मांग की। विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी ग्रामीणों की समस्याओं और जरूरतों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।

वहीं अग्निकांड में मकानों के साथ कई परिवारों के जरूरी दस्तावेज भी जल गए हैं। इनमें आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े कागजात शामिल हैं। दस्तावेज न होने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और दूसरे जरूरी कामों में परेशानी हो सकती है। इस समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाएगा। यहां संबंधित विभागों की मदद से जरूरी दस्तावेज दोबारा बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

प्रशासन ने गांव में बुनियादी सुविधाएं बहाल करने का काम भी तेज कर दिया है। रात के समय अंधेरे की समस्या दूर करने के लिए प्रमुख रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने और अग्निकांड में मवेशियों को हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल प्रभावित परिवारों के लिए गांव में सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से भोजन, रहने की व्यवस्था और रोजमर्रा की जरूरत का सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। रेडक्रॉस की मदद से भी राहत कार्य चलाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि पवाणी गांव में आग लगने से करीब 33 आवासीय मकान जलकर तबाह हो गए…जबकि कुल 43 परिवार इस अग्निकांड से प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों ने न केवल अपने घर गंवाए हैं…बल्कि सर्दियों के लिए जमा किया गया राशन और मवेशियों को भी खोया है। अब सबसे बड़ी चुनौती बर्फबारी शुरू होने से पहले प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने और गांव में सामान्य जनजीवन बहाल करने की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top